कोतवाली चौराहे पर गूंजे पुलिस बैंड के तराने

सीहोर। शहर का व्यस्ततम कोतवाली चौराहा गुरुवार को कुछ अलग ही अंदाज में नजर आया। यहां न तो ट्रैफिक का शोर था और न ही भागदौड़, बल्कि फिजाओं में पुलिस बैंड की ओजस्वी धुनें गूंज रही थीं। मौका था मध्य प्रदेश पुलिस बैंड भर्ती.2026 के प्रति युवाओं को जागरूक और प्रोत्साहित करने का।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने राहगीरों का मन मोह लिया। 7वीं वाहिनी भोपाल के विशेष पुलिस बैंड दल ने जब अपनी वाद्य यंत्रों पर मधुर और देशभक्ति की धुनें छेडऩा शुरू कियाए तो चौराहे पर मौजूद भीड़ मंत्रमुग्ध हो गई। संगीत के माध्यम से पुलिस टीम ने यह संदेश दिया कि विभाग केवल सख्त ड्यूटी ही नहीं, बल्कि कला और प्रतिभा के सम्मान का भी स्थान है।
कैरियर और देश सेवा की दी जानकारी
सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि पुलिस अधिकारियों ने वहां मौजूद युवाओं को कैरियर की नई राह भी दिखाई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला, जिसमें बैंड में शामिल होने के लिए जरूरी शारीरिक और शैक्षणिक योग्यता की जानकारी दी गई। युवाओं को बताया गया कि वे किस तरह इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस सेवा के साथ-साथ संगीत के क्षेत्र में भी एक शानदार प्रोफेशनल भविष्य बनाया जा सकता है।
युवाओं और नागरिकों में दिखा उत्साह
बैंड की प्रस्तुति देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और युवा जमा हुए। पुलिस विभाग ने अपील की है कि जिले के प्रतिभाशाली युवा, जो संगीत में रुचि रखते हैं, वे इस भर्ती में बढ़-चढक़र हिस्सा लें। विभाग की ओर से कहा गया कि पुलिस बैंड का हिस्सा बनना न केवल रोजगार का साधन है, बल्कि यह गौरव के साथ देश सेवा करने का एक सुनहरा अवसर भी है। इस कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा, रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव, सूबेदार प्राची राजपूत और 7वीं वाहिनी भोपाल का बैंड दल प्रमुख रूप से उपस्थित रहा।



