लगातार घूमता रहेगा विकास का पहिया : कार्तिकेय सिंह चौहान
जिलेभर में निकाली जा रही है विकास यात्रा,

सीहोर। भाजपा एवं प्रदेश सरकार की विकास यात्रा का क्रम लगातार जारी है। विकास यात्रा गांव-गांव पहुंच रही है तो वहीं इस दौरान विभिन्न कार्यों के शिलाल्यास एवं भूमिपूजन भी किए जा रहे हैं। विकास यात्रा के क्रम में बुदनी विधानसभा के ग्राम जहाजपुरा, पथोड़ा एवं मुर्राह में भी विकास यात्रा निकाली गई। इसमें युवा नेता एवं मुख्यमंत्री के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान शामिल हुए। इस दौरान भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने उनकी भव्य अगवानी की तो वहीं महिलाओं, बहनों ने कलश यात्रा निकालकर उनका स्वागत किया। विकास यात्रा ग्राम पंचायत जहाजपुरा से शुरू हुई। इसके बाद पथोड़ा एवं मुर्राह भी पहुंची। जहाजपुरा में कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कन्या पूजन किया गया। यहां पर कार्तिकेय सिंह चौहान ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास का यह पहिया अब लगातार घूमता रहेगा। विकास के कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। चाहे किसान हो, गरीब मजदूर हो, युवा हो, माताएं-बहनें हो, सबको उनका अधिकार मिलेगा। आज मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही है योजनाओं का लाभ हर गांव में हर घर एवं हर व्यक्ति को दिया जा रहा है। विकास यात्रा में भाजपा सलकनपुर मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, बुदनी जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, वरिष्ठ नेता रामनारायण साहू, अनार सिंह चौहान, सलकनपुर मंदिर समिति अध्यक्ष महेश उपाध्याय, ओबीसी वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी, कृतिन जिराती सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विकास यात्राओं में किया जा रहा नागरिकों का बीमा-
विकास यात्रा के दौरान नागरिकों का सुरक्षा बीमा भी कराया जा रहा है। बीमें को लेकर भी लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। सीहोर जिले में प्रारंभ किए गए सुरक्षित सीहोर अभियान के तहत प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत सभी नागरिकों का सुरक्षा बीमा किया जा रहा है। ग्रामवासी अपना बीमा कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंच रहे हैं और अपना सुरक्षा बीमा करा रहे हैं।
कलश यात्रा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित-
विकास यात्रा के दौरान सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों के अनेक गांवों में महिलाओं द्वारा विकास यात्रा के दौरान कलश यात्रा भी निकाली गई। इस अवसर पर महिलाओं ने सर पर कलश रखकर विकास यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।
आवास योजना के हितग्राही का गृह प्रवेश कराया-
शासन द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री आवास योजना से अब तक अनेक हितग्राहियों को पक्के मकान की सौगात दी जा चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना से हर गरीब की पक्के मकान की आस पूरी हो रही है। इन्हीं में से एक है सीहोर जिले के लोहापठार गांव के मोरसिंह, जिनके नए पक्के मकान का उद्घाटन इछावर विधायक करण सिंह वर्मा ने फीता काटकर किया और मोरसिंह तथा उनके परिजनों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इछावर विधानसभा में विकास यात्रा के दौरान इछावर विधायक करण सिंह वर्मा ने ग्राम लोहापठार में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही मोरसिंह का गृह प्रवेश कराया।