
सीहोर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि परमात्मा की प्राप्ति के लिए तीन मार्ग बताए गए हैं- ज्ञान मार्ग, भक्ति मार्ग और कर्म मार्ग। संत ज्ञान मार्ग से ईश्वर को प्राप्त करते हैं, भक्ति मार्ग से भी भगवान की प्राप्ति हो सकती है। इसके साथ ही कर्म मार्ग से भी ईश्वर को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को कर्म मार्ग पर चलने की कोशिश करना चाहिए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी विकासखंड के ग्राम आमोन में महालक्ष्मी नारायण यज्ञ में शामिल हुए एवं संतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए अनेक निर्माण एवं विकास कार्यों की घोषणा भी की।
तीन दिनों तक मनाया जाएगा देवी महालोक महोत्सव-
मुख्यमंत्री ने कहा कि सलकनपुर में देवीलोक बनने जा रहा है। इसके लिए सलकनपुर में 29 मई से 31 मई तक तीन दिवसीय देवीलोक महोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि 16 मई से गांव-गांव में रथ आएगा। इसमें सभी को हर घर से एक शिला (ईंट) देवी लोक के लिए भेंट करना है, ताकि देवीलोक के निर्माण में सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही तीन दिवसीय देवीलोक महोत्सव में भी सभी लोग शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाए और देवी विजयासन का आशीर्वाद प्राप्त करें। मुख्यमंत्री ने महालक्ष्मी नारायण यज्ञ में महंत नरेन्द्रानंद सरस्वती जी महाराज, महंत महावीरदास ब्रह्मचारी जी महाराज, मानस मोहिनी संध्या तिवारी जी से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में चिकित्सा मंत्री विश्वास सारंग, सांसद रमाकांत भार्गव, पूर्व मंत्री सिलवानी विधायक रामपाल सिंह, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।