
सीहोर। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर पिछले दो दिनों में हलचल बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन और एजेंसी संचालकों का दावा है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन अचानक बड़ी डिमांड के कारण करीब 1600 बुकिंग वेटिंग लिस्ट में पहुंच गई हैं।
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार लोग बड़ी संख्या में मोबाइल नंबर अपडेट कराने और नई बुकिंग के लिए पहुंच रहे हैं। अचानक लोड बढऩे से सर्वर धीमा हो गया है, जिससे बुकिंग क्लियर होने में थोड़ा समय लग रहा है। एजेंसी संचालक मुस्तफा हुसैन ने स्पष्ट किया कि पेंडिंग बुकिंग्स को तेजी से क्लियर किया जा रहा है और घबराने की जरूरत नहीं है।
कमर्शियल सप्लाई पर फिलहाल रोक
ऑयल कंपनियों के निर्देशानुसार अभी केवल जरूरी सेवाओं जैसे अस्पताल, स्कूल, पुलिस और जेल आदि के लिए ही कमर्शियल गैस सुनिश्चित की जा रही है। होटल, मॉल और फैक्ट्रियों जैसे अन्य वाणिज्यिक संस्थानों को फिलहाल आपूर्ति नहीं दी जाएगी।
कालाबाजारी पर प्रशासन की पैनी नजर
गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए एसडीएम नितिन टाले ने कड़ा रुख अपनाया है। आष्टा में गैस वितरकों के साथ बैठक कर स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि गड़बड़ी मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। अधिकारियों ने कई एजेंसियों के गोदामों का औचक निरीक्षण भी किया।
शिकायत के लिए जारी हुआ नंबर
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
हेल्पलाइन नंबर: 9111568661
समय: सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक