इस जन्मदिन मामा ‘शिवराज’ के यह 5 संकल्प….

सीहोर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल 5 मार्च को अपना 66वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। राजनीति में अपनी सेवाभावी छवि के लिए पहचाने जाने वाले शिवराज इस अवसर पर पांच विशेष संकल्प लेने जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर पर्यावरण, शिक्षा, सेवा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े हैं। इन संकल्पों में सबसे प्रमुख है ‘मामा कोचिंग’ जिसके जरिए विदिशा संसदीय क्षेत्र के होनहार लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निरूशुल्क तैयारी कराई जाएगी।
शिवराज सिंह चौहान के शिक्षा से जुड़े संकल्प के तहत विदिशा, रायसेन और सीहोर जिले के भैरूंदा में ‘मामा कोचिंग’ सेंटर शुरू किए जाएंगे। यहां मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। खास बात यह है कि जो छात्र सेंटर तक नहीं पहुंच सकते, उनके लिए ऑनलाइन क्लास की सुविधा भी रहेगी। विदिशा, रायसेन और भैरूंदा में 100-100 छात्रों के पहले बैच के लिए आवेदन की प्रक्रिया जन्मदिन के अवसर पर 5 मार्च से ही शुरू कर दी जाएगी।
स्वास्थ्य सेवा के लिए ‘मोबाइल हॉस्पिटल’
क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए शिवराज अपने संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में चलित अस्पताल ‘मोबाइल हॉस्पिटल’ शुरू करेंगे। सांसद निधि और जनसहयोग से चलने वाले इन अस्पतालों में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ हमेशा तैनात रहेगा, जो गांव-गांव जाकर बीमार लोगों की जांच और उपचार सुनिश्चित करेगा।
गुलदस्ते की जगह भेंट किए जाएंगे पौधे
पर्यावरण के प्रति अपने प्रेम के लिए जाने जाने वाले शिवराज ने एक नई परंपरा की शुरुआत की है। अब उनके मंत्रालयों और कार्यक्रमों में शॉल, श्रीफल या गुलदस्ते के बजाय पौधे भेंट कर स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं और आम जनता से भी यही अपील की है। साथ ही पौधे लगाने वाले लोग क्यूआर कोड के जरिए फोटो अपलोड कर ‘शिव वृक्ष मित्र’ बन सकेंगे।
दिव्यांगों और मेधावी छात्रों का प्रोत्साहन
अपने संकल्पों के तहत शिवराज संसदीय क्षेत्र के दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरित करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र की आठों विधानसभाओं के 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉप.3 छात्र-छात्राओं को प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

Exit mobile version