आज हजारों दीपों से रोशन होगा कुबेरेश्वरधाम

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में इस वर्ष दीपावली का पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व की शृंखला में आज शनिवार को देव उठनी ग्यारस के शुभ अवसर पर कुबेरेश्वरधाम को श्रद्धालुओं द्वारा हजारों दीपों से रोशन किया जाएगा। वर्तमान में धाम को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे परिसर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

देव उठनी ग्यारस के मौके पर धाम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विठलेश सेवा समिति ने बताया कि आज रात्रि को पूर्ण विधि विधान से विशेष पूजा.अर्चना का आयोजन किया जाएगा। यह दिन भगवान विष्णु के चार माह की योगनिद्रा से जागने का प्रतीक है, जिसके साथ ही सभी शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
मंत्र जप का महत्व
पर्व के दौरान शुक्रवार को धाम पर बाबा की विशेष आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट की और उन्हें आध्यात्मिक जीवन का महत्व समझाया। उन्होंने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान के नाम का कीर्तन और जप निरंतर करते रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि नाम जप मन को शांत करता है, चिंताओं से मुक्ति दिलाता है और आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है। उनके अनुसार निरंतर जप से पाप नष्ट होते हैं और व्यक्ति भगवान के प्रति अधिक समर्पित बनता है।
4 नवंबर को होगा श्री हरि हर मिलन
विठलेश सेवा समिति के पंडित समीर शुक्ला और पंडित विनय मिश्रा ने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 4 नवंबर को धाम परिसर में श्री हरि हर मिलन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव हर साल उज्जैन महाकाल की तर्ज पर आयोजित किया जाता है।



