
सीहोर। पुलिस विभाग में दशकों तक अपनी सेवाएं देने के बाद तीन शासकीय सेवक सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों के योगदान को सराहा और उनके सुखद व दीर्घायु जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने सेवानिवृत्त हुए तीनों शासकीय सेवकों को पुष्पगुच्छ, शॉल, श्रीफल, उपहार और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभाग की ओर से उन्हें सेवा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
एसपी श्रीमती सक्सेना ने सेवानिवृत्त अधिकारियों से उनके लंबे सेवाकाल के अनुभवों को जाना और उनके परिजनों से कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने सभी को सेवानिवृत्ति के बाद की दूसरी पारी के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ और सक्रिय रहने की शुभकामनाएं दीं।
यह पुलिस जवान हुए सेवानिवृत्त
एएसआई जितेन्द्र सोनी: सहायक उप निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए श्री सोनी ने पुलिस विभाग को अपने जीवन के 39 वर्ष 03 माह 08 दिवस समर्पित किए।
प्रधान आरक्षक कमलेश राय: इन्होंने विभाग में 34 वर्ष 04 माह 11 दिवस की लंबी और सराहनीय सेवा दी।
प्रधान आरक्षक जस्सूलाल सोलंकी: इन्होंने 28 वर्ष 07 माह 25 दिवस तक पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
परिजनों की मौजूदगी में भावुक हुए साथी
विदाई समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन भी शामिल हुए, जो अपने परिवार के सदस्यों को इस सम्मानजनक पड़ाव पर देखकर गौरवान्वित नजर आए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव, सूबेदार प्राची राजपूत, उप निरीक्षक राहुल श्रीवास्तव सहित कार्यालयीन स्टाफ और पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।