कल, 1971 के रणबांकुरों का होगा सम्मान…

सीहोर। भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए जिला मुख्यालय पर 16 दिसंबर को विजय दिवस एवं शहीद परिवार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में मनाया जाएगा, जिसमें देश की रक्षा करने वाले रणबांकुरे सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा।
यह भव्य आयोजन शहर के शहीद स्मारक स्थल सैकड़ाखेड़ी रोड पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और एक्स सर्विसमैन वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार 16 दिसंबर की शाम पांच बजे होने वाले इस एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में 1971 के युद्ध में शामिल रहे वीर सैनिकों (पूर्व सैनिकों) और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बलिदानी सैनिक परिवारों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, सीएमओ सुधीर सिंह और सोसाइटी के पदाधिकारियों ने शहीद स्मारक स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान 1971 के शहीदों के साथ हीए प्रथम स्वाधीनता संग्राम से पूर्व के महानायक शहीद कुंवर चैन सिंह को भी श्रद्धापूर्वक याद किया जाएगा। कुंवर चैन सिंह नरसिंहगढ़ रियासत के राजा थे और उन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ आजादी का बिगुल फंूंका था। सैकड़ाखेड़ी का शहीद स्मारक भी देश पर न्योछावर होने वाले शहीदों की याद में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है।



