
सीहोर। ‘स्वस्थ लोग, समृद्ध समाज’ के ध्येय को आत्मसात करते हुए देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह ट्राइडेंट ग्रुप द्वारा सामाजिक सरोकार की दिशा में एक और सशक्त कदम उठाया गया है। ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन पद्मश्री राजिंदर गुप्ता एवं सीएसआर प्रमुख मधु गुप्ता के मार्गदर्शन में बुधनी स्थित संदिपानी शासकीय विद्यालय में श्रीजना मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
18 दिसंबर को आयोजित इस विशेष जागरूकता सत्र में कक्षा 6वीं से 8वीं तक की कुल 66 छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी देना और समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना था। सत्र के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, व्यक्तिगत देखभाल और संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
इस महत्वपूर्ण सत्र का संचालन मधुबन हॉस्पिटल की सीनियर नर्स मनीषा शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को सरल भाषा में स्वास्थ्य देखभाल की बारीकियां समझाईं। कार्यक्रम का संयोजन ट्राइडेंट ग्रुप की सीएसआर टीम के प्रमुख अरविंदजी के नेतृत्व में हर्षिता यादव द्वारा किया गया।
छात्राओं ने जताया आभार
शिविर के दौरान छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। छात्राओं ने सत्र को अत्यंत लाभकारी और ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उनके मन की झिझक दूर होती है और उन्हें खुद को स्वस्थ रखने की सही जानकारी मिलती है।
सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन
बता दें ट्राइडेंट ग्रुप अपनी सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से लंबे समय से शिक्षाए स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। ग्रुप का मानना है कि यदि किशोरियां जागरूक और स्वस्थ रहेंगी, तभी एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है। यह पहल महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति समाज में चेतना लाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।