
सीहोर। बुधनी थाना अंतर्गत दो लाख रुपए के कर्ज के विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या के बाद अब तक मृतकों का कोई भी परिजन या वारिस सामने नहीं आया है। ऐसे में पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए अस्पताल के पीछे तीनों शवों को दफन कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि भविष्य में परिवार का कोई सदस्य या वारिस सामने आता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें तिहरे हत्याकांड के बाद से पुलिस लगातार मृतक परिवार के अन्य रिश्तेदारों व सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस को राजगढ़ जिले के जीरापुर क्षेत्र में परिवार के होने की संभावना मिली थी, जिसके आधार पर वहां की एसआईआर सर्वे रिपोर्ट भी खंगाली गई, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिवार की जानकारी जुटाई जा रही
एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि मृतक परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने के प्रयास लगातार जारी हैं, हालांकि जीरापुर में तलाश के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। परिजनों के सामने नहीं आने के कारण पुलिस ने अस्पताल के पीछे शवों का अंतिम संस्कार (दफन) करवा दिया है।
मकान सील कर थाने में जमा कराई चाबी
घटना के बाद मृतक राकेश मीणा के मकान को पुलिस ने सील कर दिया है और घर की चाबी बुधनी थाने में जमा कर दी गई है। जिस आंगन में कुछ दिन पहले तक परिवार की चहल-पहल और रौनक हुआ करती थी, वहां अब पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के सदस्यों के नहीं रहने से घर में पाले गए बकरे-बकरियां भी बेसहारा हो गए हैं। इस संवेदनशील घड़ी में पड़ोसियों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए इन बेजुबान पशुओं की देखभाल का जिम्मा संभाला है। आसपास रहने वाले लोग रोजाना बकरे-बकरियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर रहे हैंए ताकि वे भूखे-प्यासे न रहें।