
सीहोर। अगर आप अपना आधार कार्ड किसी सिम कार्ड की दुकान या एजेंट को देते हैं तो सावधान हो जाइए। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय के ऑपरेशन फेस के तहत बुधनी पुलिस ने आधार कार्ड का दुरुपयोग कर र्फी सिम कार्ड जारी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी शेरसिंह मीणा और शिवम मीणा निवासी महुकला बुदनी के आधार कार्ड का उपयोग कर आरोपियों ने उनकी जानकारी के बिना फर्जी कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों ने कुल 32 फर्जी सिम कार्ड जारी कर दिए थे। पुलिस जांच में अब तक 15 सिम कार्डों के अवैध रूप से जारी होने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि शेष की जांच जारी है।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में की गई जांच में सामने आया कि पीओएस संचालक जय भाटिया और उसके साथी मनोज कुशवाह ने मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों को धरदबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में जय भाटिया निवासी अंकिता नगर नर्मदापुरम। मनोज कुशवाह निवासी गौर कॉलोनी नर्मदापुरम शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना बुदनी में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील, दस्तावेजों का रखें ध्यान
सीहोर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आधार कार्ड या अन्य निजी दस्तावेजों को किसी को भी देते समय सावधानी बरतें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति या दुकानदार दस्तावेजों का अनाधिकृत उपयोग करेगा, उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।