आपसी विवाद में दो पक्षों के बीच चले डंडे, एफआईआर दर्ज

सीहोर। रेहटी थाना अंतर्गत नगर में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर डंडे चले। इस दौरान कुछ लोगों को चोंट भी आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मामले में रेहटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच भी कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रात्रि हर्ष श्रीवास्तव की दुकान पर आकर संजय श्रीवास्तव, अरविंद, नमन, कपिल चौहान तथा रामकृष्ण ने मारपीट की। इस दौरान गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना रेहटी नगर के हरदौल मंदिर के पास की है। बताया जा रहा है कि पूरा मामला पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा हुआ है। भाइयों के बीच जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। कुछ भाइयों ने अपना हिस्सा बेच दिया, जबकि एक भाई इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर गत रात विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद पीडि़त हर्ष श्रीवास्तव ने रेहटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। इस मामले में रेहटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version