
रेहटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपनी धाक जमाई है। आज भारत विश्वगुरू बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री मोदीजी के पिछले करीब 11 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने हर क्षेत्र में सफलता हासिल की है। कांग्रेस के शासनकाल में भारत को विश्व स्तर पर तवज्जो नहीं मिलती थी, लेकिन अब भारत ने विश्व स्तर पर अपनी पहचान कायम की है। आज अमेरिका जैसा देश भारत के प्रधानमंत्री के लिए रेड कारपेट बिछाकर उनका स्वागत करता है। ये बातें बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने कही। वे सलकनपुर में आयोजित भाजपा के विधानसभा स्तरीय सक्रिय सदस्य सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि अपनी बात कह रहे थे। विधायक रमाकांत भार्गव ने ’प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदीजी के साथ लगभग 11 वर्षों में विकसित भारत की ओर यात्रा’ विषय पर अपनी बात रखी। इस दौरान बुधनी विधानसभा के शाहगंज, बुधनी, सलकनपुर, चकल्दी, भैरूंदा, गोपालपुर, लाड़कुई मंडल के मंडल अध्यक्ष एवं वहां के सक्रिय सदस्य भी मौजूद रहे। इससे पहले सलकनपुर पहुंचे विधायक श्री भार्गव का भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामाप्रसाद मुखर्जी, कुशाभाउ ठाकरे, राजमाता सिंधिया के चित्रों पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम की शुरूआत की गई। भाजपा सलकनपुर मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी द्वारा मंचासीन विधायक रमाकांत भार्गव, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, सलकनपुर मंदिर समिति के अध्यक्ष महेश उपाध्याय, सिलाई-कढ़ाई बोर्ड के अध्यक्ष मनोहरलाल माहेश्वरी, रघुनाथ सिंह भाटी, निर्मला बारेला का फूलमाला पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नेतागण, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हर क्षेत्र में हासिल की उपलब्धियां-
विधायक रमाकांत भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में सफलता पाई है। कांग्रेस के शासनकाल में देश की स्थिति बदत्तर थी। किसानों, महिलाओं, आदिवासियों सहित अन्य वर्गों के लिए योजनाएं नहीं थीं। किसानों को उनका सम्मान नहीं मिलता था, लेकिन वर्ष 2014 के बाद से भारत ने एक नई दिशा कायम की है। हर वर्ग के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है। उनको पर्याप्त खाद, बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। आदिवासियों को उनका अधिकार दिलाया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कानून बनाए गए। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण कराया गया। हर क्षेत्र में देश की उन्नति एवं प्रगति हुई।
भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है: रवि मालवीय
विधानसभा स्तरीय सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि मालवीय ने ’भाजपा की चुनावी सफलता एवं संगठनात्मक विस्तार’ विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। एक समय था जब भाजपा का झंडा उठाने के लिए लोग नहीं मिलते थे, लेकिन भाजपा के पितृपुरूषों ने पार्टी को कड़ी मेहनत से यहां पर लाकर खड़ा किया है। एक-एक कार्यकर्ता को एकत्रित किया और आज उसी का परिणाम है कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। भाजपा की असली ताकत उसका कार्यकर्ता ही है। आज भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता का समर्पण पार्टी को इस मुकाम पर लेकर आया है। अब हम सबको मिलकर पार्टी को और ताकत देना है। बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक पार्टी के हरएक कार्य को पूरी ईमानदारी, लगन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ पूरा करना है।
भाजपा की सरकार में प्रदेश की दिशा और दशा दोनों बदली: रघुनाथ सिंह भाटी
विधानसभा स्तरीय सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के भूतपूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता रघुनाथ सिंह भाटी ने ’भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा लाया गया परिवर्तन’ विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि भाजपा की सरकारों में देश की राजनीति के साथ ही प्रदेश की दिशा और दशा दोनों बदली है। कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। सड़कें नहीं थीं, किसानों को पानी नहीं मिलता था, बारिश के दिनों में लोग गांवों से बाहर नहीं निकल पाते थे, सड़कों पर धूल उड़ती थी। कांग्रेस के शासनकाल में आदिवासियों की स्थिति बदत्तर थी, महिलाओं के साथ शोषणा होता था, युवाओं के लिए रोजगार, स्व-रोजगार नहीं थे। नेताओं की हिटलरशाही चलती थी, लेकिन भाजपा ने देश की राजनीति के साथ ही मध्यप्रदेश की दिशा और दशा दोनों बदल दी है। मध्यप्रदेश में वर्ष 2005 में जब शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने सबसे पहले बेटियों की चिंता की और उनके लिए लाडली लक्ष्मी योजना शुरू कराई। इसके बाद मुख्यमंत्री कन्यादान योजना शुरू की। युवाओं के लिए मध्यप्रदेश में इन्वेस्टर्स समिट कराई और यहां पर कई बड़ी कंपनियों को लेकर आए। आदिवासियों के जीवन को बदला। किसानों की खेती के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्थाएं की, उनके खेतों तक में बिजली पहुंचाई। आज मध्यप्रदेश समृद्धि के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ रहा है। इस दौरान रघुनाथ सिंह भाटी ने संघर्ष के दिनों के कई किस्से भी सुनाए, जिन पर उपस्थित नेताओं, कार्यकर्ताओं ने जमकर तालियां भी बजाई।