
सीहोर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी के साथ मां विजयासन धाम सलकनपुर पहुंचे एवं दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मातारानी से देश-प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वे हर नवरात्रि पर सलकनपुर पहुंचकर दर्शन करते हैं। इससे पहले सलकनपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं ने स्वागत, सत्कार किया। केंद्रीय मंत्री ने देवीलोक का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि मातारानी सबको सद्बुद्धि दें, ताकि सभी सत्मार्ग पर चलें। विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि भारत के कल्याण के लिए तो भारत है ही, लेकिन दुनिया में जो परिस्थितियां बन रही हैं उससे भी भारत से ही उम्मीद हैं।
हर वर्ष नवरात्रि पर पहुंचते हैं सपरिवार-
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हर वर्ष नवरात्रि के अवसर पर मां विजयासन धाम सलकनपुर पहुंचते हैं एवं मातारानी के दरबार में अर्जी लगाते हैं और देश-प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। उनके मुख्यमंत्री रहते हुए सलकनपुर देवी मंदिर का कायाकल्प किया गया है। अब यहां पर देवीलोक का कार्य भी चल रहा है। केंद्रीय मंत्री की मां विजयासन धाम में गहरी आस्था है।