सीहोर में हंगामा, सलकनपुर सहित अन्य मंडलों में भी हुई बैठक

- यूपी के प्रवासी विधायक मंडलों में पहुंचकर जान रहे नेताओं, कार्यकर्ताओं के मन की बात

सीहोर। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व ने विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी विधायकों को विधानसभा क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने के लिए मैदान में उतारा है। इसी कड़ी में सीहोर भाजपा नगर मंडल एवं बुधनी विधानसभा के भाजपा सलकनपुर मंडल सहित अन्य मंडलों में बैठक का आयोजन किया गया। सीहोर विधानसभा क्षेत्र में प्रवासी विधायक पूनम संखवार की उपस्थिति में चल रही बैठक में जमकर हंगामा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। दरअसल यूपी की प्रवासी विधायक पूनम संखवार सीहोर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारी के साथ बैठक करके विधानसभा क्षेत्र की स्थिति एवं चुनाव मैदान में उतरने वाले दावेदारों का फीडबैक जान रही हैं। इसी कड़ी में सीहोर नगर भाजपा मंडल की बैठक का आयोजन गंज स्थित राठौर धर्मशाला में किया गया। बैठक में मंडल के अन्य पदाधिकारी सहित कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सभी अपनी-अपनी बात कह रहे थे, तभी भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने बैठक में विरोध जताया। प्रवासी विधायक ने विरोध करने का भी मना किया। इस दौरान कुछ लोग वहां पर वीडियो भी बना रहे थे, तभी विधायक सुदेश राय सहित अन्य नेताओें ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई। हालांकि प्रवासी विधायक पूनम संखवार ने वीडियो बनाने की बात कही, लेकिन आपत्ति के बाद मामला गर्मा गया। इस दौरान विधायक समर्थक एवं वहां पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं के बीच में इसको लेकर बहस शुरू हो गई और बात बढ़ने लगी। बाद में सोेशल मीडिया पर भी बैठक का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें बैठक के दौरान जमकर हंगामा दिखाई दिया।
सलकनपुर मंडल में भी हुई बैठक-
इधर बुधनी विधानसभा क्षेत्र में भी यूपी के विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी मंडल स्तर पर बैठक लेकर पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा सलकनपुर मंडल की बैठक रेहटी स्थित मंडी प्रांगण में ली। इससे पहले बैठक की विधिवत शुरुआत भारत माता एवं भाजपा के पितृ पुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण करके हुई। बैठक के दौरान श्री लोधी ने पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया तो वहीं उन्होंने अपनी बात भी रखी। यूपी के विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने केंद्र सरकार सहित प्रदेश सरकार की योजनाओं को भी बताया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, वरिष्ठ नेता गुरुप्रसाद शर्मा, सलकनपुर मंडल अध्यक्ष प्रेम नारायण मीणा, वरिष्ठ नेता रामगोपाल टेलर, अनार सिंह चौहान सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता बैठक में मौजूद रहे।

Exit mobile version