वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो बाल अपचारी हिरासत में, फरार साथियों की तलाश जारी

सीहोर। भैरुंदा थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ बड़ा सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को अपनी अभिरक्षा में लिया है। इनके पास से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पहली घटना 12 मार्च की है, जब ग्राम गोरखपुर निवासी कय्युम खान का भाई फिरोज सब्जी मंडी गुड़ बाजार आया था। शाम करीब 7 बजे पार्किंग से उसकी प्लेटिना बाइक गायब हो गई थी, वहीं दूसरी घटना 16 मार्च की रात को हुई, जिसमें हरिसिटी निवासी ओमप्रकाश कुशवाह के घर के बाहर खड़ी बजाज मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। दोनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था।
तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में विशेष टीमें गठित की गईं। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पूजा राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और पुराने अपराधियों व मुखबिरों से जानकारी जुटाई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 17 मार्च को दो बाल अपचारियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं।
फार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस गिरोह में शामिल कुछ अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का मानना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में क्षेत्र की अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
वाहन चोरों को पकडऩे और मशरूका बरामद करने में थाना प्रभारी पूजा सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र गुर्जर, आरक्षक रविंद्र, लवकेश, सचिन और मुकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version