
बुदनी। विगत दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण बुदनी विधानसभा के सोमलवाड़ा गांव में नर्मदा का पानी घुस गया था, जिसके बाद यहां के लोगों को रेस्क्यू करके राहत शिविर में पहुंचाया गया था। रेस्क्यू में खुद कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर एवं पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी भी मौजूद थे। अब सोमलवाड़ा के ग्रामीणों को राहत शिविर में घर जैसी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। सोमलवाड़ा के सभी 150 लोगों को राहत शिविर में भोजन दवाएं, पेयजल की समुचित व्यवस्थाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जा रहा है। एसडीएम बुदनी राधेश्याम बघेल ने बताया कि सोमलवाड़ा के गांव सहित रास्तों में अब भी पानी भरा हुआ है। इसके कारण यहां के लोगों को अब भी राहत शिविर में ही रखा गया है। उनको यहां पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गर्इं हैं।
बीमार व्यक्तियों का किया रेस्क्यू-
इधर गत दो दिनों से लगातार बारिश के कारण आई नर्मदा नदी की बाढ़ से अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। शाहगंज के ग्राम चाचमऊ में 5 लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए सूचना प्राप्त होने पर रेस्क्यू कर ग्राम से सुरक्षित निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।



