Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीहोर में आज से गेहूं खरीदी का ‘श्रीगणेश’…

सीहोर। जिले के अन्नदाताओं के लिए आज का दिन बेहद खास है। जिले में आज गुरुवार से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है। प्रशासन ने शुरुआती दिन के लिए जिले के 5 प्रमुख केंद्रों को चुना है, जहां आज से तुलाई शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद शुक्रवार से जिले के सभी 240 केंद्रों पर पूरी क्षमता के साथ खरीदी शुरू होगी। आज पहले दिन जिन पांच केन्द्रों पर तुलाई का श्री गणेश होना है, उनमें मंडी सीहोर, तकीपुर, पचामा, एमपीडब्ल्यूसीएल आष्टा और एमपीडब्ल्यूसीएल भैरुंदा शामिल हैं।
2625 प्रति क्विंटल मिलेगा दाम
बता दें शासन ने इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2625 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। खरीदी का समय सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। किसानों की सुविधा के लिए सप्ताह में 5 दिन सोमवार से शुक्रवार खरीदी की जाएगी, जबकि शनिवार और रविवार को अवकाश रहेगा। खरीदी प्रभारी आकाश कुमार चंदेल के अनुसार केंद्रों पर पेयजल, छांव और शौचालय जैसी तमाम मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
मंडियों में भारी भीड़, सडक़ों पर लगा जाम
समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने से पहले ही सीहोर और आष्टा की कृषि उपज मंडियों में बंपर आवक देखी जा रही है। बुधवार को आष्टा मंडी में करीब 23 हजार क्विंटल आवक होने से मंडी परिसर छोटा पड़ गया। कन्नौद रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की 1 किलोमीटर लंबी लाइन लग गई, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। वहीं सीहोर मंडी भी 22 हजार क्विंटल से अधिक आवक रही। भारी भीड़ के कारण करीब 150-250 ट्रैक्टरों की नीलामी बुधवार को नहीं हो सकी, जो अब आज गुरुवार की जाएगी।
एक नजर में जिले के आंकड़े
कुल पंजीयन: 1,02,485 किसान
कुल खरीदी केंद्र: 240
खरीदी का लक्ष्य: 7 लाख मीट्रिक टन
अंतिम तिथि: 5 मई

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button