
सीहोर। रेहटी विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत बिजली बिल जमा न करने पर ऑनलाइन लाइन विच्छेद (कनेक्शन काटने) की कार्रवाई से उपजा विवाद तूल पकड़ गया है। बकाया बिल को लेकर गुस्से में आए एक उपभोक्ता के बेटे ने सीधे बिजली कार्यालय में आकर लाइनमैन के साथ अभद्रता की। इस मामले में लाइनमेन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार रेहटी शहर की रहने वाली उपभोक्ता का बिजली का बिल काफी समय से बकाया चल रहा था। बिल समय पर जमा न होने के कारण विभाग द्वारा नियमानुसार ऑनलाइन माध्यम से उनके घर की बिजली लाइन काट दी गई थी। इसी बात से नाराज होकर उपभोक्ता के बेटे ने कार्यालय में उसने लाइन हेल्पर/लाइनमैन रजत पिता राजेंद्र चौहान को सामने पाकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
कार्यालय के भीतर लाइनमैन के साथ हाथापाई
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ने कार्यालय परिसर में ही लाइनमैन रजत चौहान को गालियां दीं और ड्यूटी के दौरान उनके साथ हाथापाई की। बात यहीं तक सीमित नहीं रही, बल्कि युवक ने लाइनमैन को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस में मामला दर्ज
घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्युत कार्यालय के प्रभारी द्वारा तुरंत स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।