Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

कार्यकर्ता केवल कर्मठ ही नहीं, वैचारिक रूप से भी हों मजबूत: कार्तिकेय सिंह चौहान

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत गुरुवार को इछावर विधानसभा क्षेत्र के गुड़भेला बरखेड़ी मंडल का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया। रफीकगंज चौराहा स्थित होटल में आयोजित इस कार्यशाला में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का पाठ पढ़ाया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र और युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान रहे।
प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कार्तिकेय सिंह चौहान ने वैैचारिक अधिष्ठान विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनावी मशीन नहीं है, बल्कि वह एक विचारधारा का संवाहक है। कार्तिकेय ने कहा एक कार्यकर्ता को वैचारिक रूप से इतना मजबूत होना चाहिए कि वह विरोधियों के हर कुतर्क का जवाब तथ्यों के साथ दे सके। जब हमारा वैचारिक आधार मजबूत होता है, तभी हम समर्पण भाव से समाज की सेवा कर पाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपनी वैचारिक जड़ों से जुडक़र संगठन को और अधिक प्रभावशाली बनाएं।
दिग्गजों ने साझा किए अनुभव
कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेताओं ने मार्गदर्शन दिया, जिसमें राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की बारीकियों को समझाया। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने भाजपा के गौरवशाली इतिहास और जनसंघ से लेकर अब तक के सफर पर प्रकाश डाला। जितेंद्र गोंड ने बूथ प्रबंधन और प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम की महत्ता बताई। गगन नामदेव ने सोशल मीडिया और नमो ऐप के प्रभावी उपयोग के तकनीकी गुर सिखाए। मारुति ससुर और बाबूलाल पटेल ने कार्य पद्धति और कार्य विस्तार विषय पर संगठनात्मक टिप्स दिए।
इनकी रही उपस्थिति
प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत में मंडल अध्यक्ष नीरज परमार और रामस्वरूप मेवाड़ा ने अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, धारा सिंह पटेल, वरिष्ठ नेता गौरव सन्नी महाजन, विष्णु वर्मा, महेश परमार, संदीप वर्मा, बिन्नी अरोरा, गजराज परमार, वरदान मेवाड़ा, नितेश पटेल, ठाकुर प्रसाद मेवाड़ा, शंकर पटेल, बलराज परमार और विवेक राय सहित बड़ी संख्या में मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यशाला के अंत में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को धरातल पर उतारेंगे और आगामी संगठनात्मक कार्यों में पूरी ऊर्जा के साथ जुटेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button