राजनीतिक

अहमद पटेल के बेटे फैसल कर सकते हैं कांग्रेस से किनारा

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के सबसे करीबियों में से एक अहमद पटेल के बेटे फैसल कांग्रेस से किनारा कर सकते हैं। एक ट्विटर पोस्ट में उन्होंने इसके संकेत दिए हैं। फैसल ने लिखा -'इंतजार करके थक गया हूं। टॉप लीडरशिप से किसी तरह का प्रोत्साहन नहीं मिला। मैंने अपनी तरफ से सभी ऑप्शन खुले रखे हैं।' अहमद पटेल के बेटे का इस तरह से ट्वीट बताता है कि कांग्रेस के वफादार नेताओं में आलाकमान के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। जी-23 के बाद फैसल का यह ट्वीट कांग्रेस के लिए पांच राज्यों में हार के बाद नया सिरदर्द साबित हो सकता है।

नवंबर 2020 में हुआ था अहमद पटेल का निधन
नवंबर 2020 में अहमद पटेल का निधन हो गया था। वह कांगेस के कद्दावर नेता तो थे ही, कांग्रेस के संकटमोचक भी कहे जाते थे। अब फैसल आलाकमान द्वारा नजरंदाज किए जाने से नाराज हैं। पिछले साल अप्रैल में फैसल ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की थी। उस समय भी उनके आम आदमी पार्टी में जाने के कयास लगाए जाने लगे थे। हालांकि, उस वक्त फैसल ने पार्टी नहीं छोड़ी थी।  

गुजरात चुनाव से पहले नया सिरदर्द  
इसी साल दिसंबर में गुजरात विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे समय, जब आम आदमी पार्टी गुजरात में प्रवेश करने की पुरजोर कोशिश में है, कांग्रेस के कद्दावर नेता के बेटे का इस तरह से नाराज होना पार्टी के लिए नया सिरदर्द है। पहले ही पांच राज्यों के चुनावों में करारी हार और पंजाब खोने के सदमे से कांग्रेस उबर नहीं पाई है। ऐसे में 27 सालों से गुजरात की सत्ता से उसकी दूरी और भी बड़ी चिंता का सबब है। फैसल अभी सक्रिय राजनीति में नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने कुछ दिन पहले कहा था कि वह अपने गृह जिले भरूच और नर्मदा में पार्टी के लिए काम करेंगे।  

पंजाब के बाद गुजरात पर केजरीवाल की निगाह
पंजाब जीतने के बाद आम आदमी पार्टी की निगाह गुजरात पर है। दिल्ली के सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल सियासी जोड़तोड़ में लगे हैं। शनिवार को ही उन्होंने पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ साबरमती आश्रम जाकर बापू का चरखा चलाया। केजरीवाल गुजरात की छोटी पार्टियों और आदिवासियों को साधने में लगे हैं। ऐसे में फैसल पटेल भी उनके लिए विकल्प हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button