राजनीतिक

स्वतंत्रता सेनानी सुखदेव के नाती विशाल नैयर शिवसेना हिंद में शामिल

लुधियाना
       

शहीद-ए-आजम भगत सिंह के साथी स्वतंत्रता सेनानी सुखदेव के नाती विशाल नैयर ने सियासी पारी का आगाज कर दिया है. पंजाब के लुधियाना शहर के उद्योगपति और अमर शहीद सुखदेव जी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विशाल नैयर अब शिवसेना हिंद में शामिल हो गए हैं.

विशाल नैयर ने खरड़ में आयोजित एक कार्यक्रम में शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा और उपाध्यक्ष परविंदर भट्टी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. विशाल नैयर लुधियाना शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवियों में गिने जाते हैं. वे फ्रीडम फाइटर और सक्सेस एसोसिएशन पंजाब के चेयरमैन भी हैं.

विशाल नैयर को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद शिवसेना हिंद का उत्तर भारत का अध्यक्ष और स्वतंत्रता सेनानी विंग का प्रभारी नियुक्त किया गया है. विशाल नैयर ने कहा है कि देशभर के स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को शिवसेना हिंद से जोड़ने के लिए अभियान चलाएंगे.

शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा ने कहा कि देशप्रेम की नीतियों के कारण आज उस क्रांतिकारी के वंशज हमारे साथ आए, जिनका कर्ज देश नहीं चुका सकता. उन्होंने जल्द ही विशाल कार्यक्रम के आयोजन का ऐलान किया और कहा कि विशाल नैयर के आने से शिवसेना हिंद के संगठन को मजबूती मिलेगी.

गौरतलब है कि विशाल नैयर लुधियाना में समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं. विशाल नैयर सामाजिक गतिविधियों में तो एक्टिव रहे, लेकिन उन्होंने सियासी गतिविधियों से दूरी बनाए रखी थी. विशाल नैयर के शिवसेना हिंद में शामिल होने के बाद पार्टी को ये उम्मीद है कि उनके सहारे स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को खुद से जोड़ने में मदद मिलेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button