धर्मसीहोर

सात दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

देव-पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ किया गया भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम

सीहोर। शहर के गंज स्थित राठौर पार्क में जारी राठौर क्षत्रिय समाज द्वारा निर्मित श्रीराम जानकी मंदिर में श्री राम दरबार एवं श्री शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा के महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं के द्वारा देर शाम को देव पूजन एवं पूर्णाहुति, विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा महा आरती का आयोजन किया गया। अब बुधवार की शाम को भव्य रूप से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जोड़ों ने अंतिम दिन आहुतियां देकर जगत कल्याण की कामना की।
इस संबंध में कार्यक्रम के अध्यक्ष रुद्र प्रकाश राठौर ने बताया कि निर्मित श्रीराम जानकी मंदिर में श्री राम दरबार एवं श्री शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा के महोत्सव मंगलवार को समाज के पुरोहित यज्ञाचार्य पंडित महादेव शर्मा सहित अन्य पंडितों के द्वारा संपन्न हो गया। इस सात दिवसीय महोत्सव  में आसपास का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। यज्ञ के अंतिम दिन वेद मंत्रोच्चार के साथ यज्ञाचार्य पंडित श्री शर्मा और पंडितगण ने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना एवं हवन किया। इस मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा से पूर्णाहुति दी। यज्ञाचार्य एवं अन्य पंडितगण ने वैदिक विधानों के साथ महायज्ञ को संपन्न कराया। इस मौके पर श्रद्धालुओं को यज्ञ संबंधित जानकारी प्रदान करते हुए यज्ञाचार्य ने कहा कि यज्ञ की उपासना के द्वारा मनुष्य पूर्ण मनोकामना को पूरा कर सकता है। प्राचीन काल में ऋषि-मुनि व राजा-महाराजाओं ने यज्ञ की उपासना के माध्यम से ही अतुल शक्ति प्राप्तकर अपने-अपने इष्ट की सिद्धि प्राप्त की थी। वेद में कहा गया है कि यज्ञ करने से ही देवताओं को देवत्व की प्राप्ति हुई। सौ यज्ञ करने के कारण ही इंद्र को इंद्रासन मिला। आज भी श्रद्धा-भक्ति पूर्वक किए जाने वाले यज्ञ का वही महत्व है जो पुरातन काल में था। वेदों का उदाहरण देते हुए आचार्य पंडित महादेव शर्मा ने कहा कि वेदादि ग्रंथों में अनेक प्रमाणिक विधि-विधान है, जिनके द्वारा आज भी मनुष्य पुत्र प्राप्ति, धन प्राप्ति, वृष्टि प्राप्ति, मु़कदमा में विजय प्राप्ति, मानसिक-शारीरिक रोगादि से मुक्ति सहित अनेक कामनाओं को सफलता से प्राप्त कर सकता है। सात दिनों तक चले इस यज्ञ से क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। उन्होंने बताया कि श्रीराम जानकी मंदिर में श्री राम दरबार एवं श्री शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा के महोत्सव के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला में आकर धर्म का लाभ लिया और वहीं हर रोज देर रात्रि तक श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ यज्ञशाला की परिक्रमा भी करते रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button