
सीहोर। अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में चल रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल को 19 दिन हो गए हैं। इस दौरान सागर में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की धरनास्थल पर ही मौत हो गई। इस पर सीहोर में टाउन हॉल के बाहर आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 2 मिनट का मौनधारण करके श्रद्धांजलि दी एवं उनके परिवार को यह दुख सहन करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता, सहायिका कल्याण समिति संघ का प्रदेश स्तरीय अनिश्चितकालीन धरना पिछले 19 दिनों से जारी है। हर दिन ये आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक टाउनहाल के बाहर भर गर्मी में टेंट के नीचे बैंठ रही हैं और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रही हैं। हड़ताल को समर्थन देने के लिए अब तक भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित कई सामाजिक संगठन भी इनके धरनास्थल पर पहुंचे और इन्हें समर्थन दिया है, लेकिन अब तक सरकार एवं प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों ने हड़ताल पर बैठीं कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को कोई उचित आश्वासन नहीं दिया है।
शोक का रहा माहौल-
भीषण गर्मी के बीच अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अडिग हैं कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। इधर गर्मी के कारण ही सागर में एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। इससे सीहोर स्थित धरना स्थल पर भी दिनभर शोक का वातावरण रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता, सहायिका कल्याण समिति संघ जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा ने बताया कि काम के एवज में आंगनबाड़ी कर्मियों को दिए जा रहे मानदेय की राशि अत्याधिक कम है। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। अपनी मांगों को लेकर कंधे से कंधा मिलाकर हड़ताल में शामिल हमारी कार्यकर्ता की सागर जिले में मौत हो गई है, लेकिन इससे हम डरेंगे नहीं। जब तक प्रदेश सरकार हमारी मांगे पूरी नहीं करती तब तक डटे रहेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा, सचिव नन्दा कुशवाहा, परियोजना अध्यक्ष सफिया बानो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता, सहायिका मौजूद थीं।