
सीहोर। भाजपा द्वारा मनाए जा रहे सामाजिक न्याय पखवाड़े के तहत 14 अप्रैल को सीहोर जिले में भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की जयंती सीहोर जिले के सभी 19 मंडलों में मनाई गई। सभी मंडलों एवं विधानसभा क्षेत्रों के मुख्यालयों पर अंबेडकर जयंती पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंबेडकर जयंती पर सीहोर जिला भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष रवि मालवीय, सीहोर विधायक सुदेश राय, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा, आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय सहित सभी जिले के वरिष्ठ नेताओं, जिला भाजपा के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं बूथ समितियों के अध्यक्ष व सदस्यों ने अंबेडकर जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। सीहोर के अंबेडकर पार्क में विधायक सुदेश राय, मंडल अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने अंबेडकर जी की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित कर उन्हें नमन किया। आष्टा नगर भाजपा मंडल द्वारा कृषि उपज मंडी में अंबेडकर जयंती पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसे विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, जनपद प्रधान धारासिंह पटेल आदि ने संबोधित किया। सभी मंडलों में डॉ भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
कार्यकर्ताओं ने ली सदभावना एकता की शपथ-
राष्ट्रीय अनुसुचित जनजाति विकास परिषद और राष्ट्रीय मानव अधिकार मंच द्वारा संयुक्त रूप से संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती गांधी पार्क और अंबेडकर पार्क में मनाई गई। कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अनुसुचित जनजाति विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश कौशल और राष्ट्रीय मानव अधिकार मंच के प्रदेशाध्यक्ष नौशाद खान के द्वारा बाबा साहेब के चिंत्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संबांधित किया गया। गांधी पार्क में कार्यकर्ताओं को सदभावना एकता की शपथ दिलाई गई। अंबेडकर पार्क में कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के बताए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।