
सीहोर। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बुधनी में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। मेले में 646 हितग्राहियों का पंजीयन कर जांच की गई एवं उपचार प्रदान किया गया। स्वास्थ्य मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 33 प्रकार से अधिक की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। मेले में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि मेले में विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए 646 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। इसमें 102 व्यक्तियों के डिजिटल आईडी कार्ड बनाए गए। शिविर स्थल पर 69 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इसी प्रकार 110 को टेलीकम्युनिकेशन सेवाएं, 62 महिलाओं को स्त्री रोग से संबंधित उपचार व सेवाएं, 88 को एनसीडी से संबंधित सेवाएं शिविर में प्रदान की गई। अंधत्व निवारण से संबंधित 87 मरीजों की जांच कर उपचार के लिए चिन्हित किया गया। मलेरिया की 25 स्लाइड बनाकर मरीजों का उपचार तथा टीबी रोग से सबंधित 25 मरीजों का पंजीयन कर जांच के लिए चिन्हित किया गया। मानसिक रोग से संबंधित 25 व्यक्तियों की जांच कर उपचार किया गया। शिविर में 314 व्यक्तियों का ब्लड टेस्ट किया गया। कुष्ठ रोग के 28 रोगियों को चिन्हित कर जांच के सेम्पल लिए गए। स्वास्थ्य मेले में आईईसी शाखा द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को स्वास्थ्य जागरुकता से संबंधित जानकारी दी गई तथा प्रचार सामग्री का वितरण किया गया।