आष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीरेहटीसीहोर

पानी के क्षेत्र में गांवों को आत्मनिर्भर बनाने जन भागीदारी जरूरी : प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी

- सीहोर जिले की ग्राम पंचायत दिवडिया में जिला स्तरीय जल संसद कार्यक्रम आयोजित

सीहोर। जल ही समृद्धि का आधार है। भारत कृषि प्रधान देश है और कृषि का विकास तथा किसानों की उन्नति का आधार ही जल है। अगर हमें खेती में उन्नति का करना है तो वर्षा के जल को सहेजना होगा। यह बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने ग्राम दिवड़िया में आयोजित जिला स्तरीय जल संसद कार्यक्रम में कही।
प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि जिले के गांवों को पानी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जन सहयोग से जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य किए जाएंगे, सभी नागरिक बारिश का जल सहेजने के लिए तालाब निर्माण, तालाब गहरीकरण कंटूर निर्माण आदि में अपना सहयोग करें, ताकि पानी के क्षेत्र में हर गांव आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि हमें समाज के साथ मिलकर पानी को रोकने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करना होगा। सामूहिक प्रयासों और सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सफलता के लिए जन भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में इछावर विधायक करण सिंह वर्मा, आष्टा विधायक रघुनाथ मालवीय तथा जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मालवीय ने संबोधित करते हुए कहा कि जल संरक्षण आज की महती आवश्यकता है। नागरिक, सरकार और समाज मिलकर जल संरक्षण के लिए काम करेंगे तो निश्चित जलाभिषेक अभियान के उद्देश्य को पूरा कर सकेंगे। इससे पहले कार्यक्रम के आरंभ में जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह ने बताया कि जिले में कुल 9000 हजार जल संरक्षण के कार्य लिए गए हैं, जिसमें 2500 कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। कार्यक्रम के समापन पर जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति प्रत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वरोजगार योजना के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में कलेक्टर चन्द्र मोहन ठाकुर, एसपी मयंक अवस्थी तथा एसडीएम विष्णु यादव सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
जल अभिषेक अभियान अंतर्गत कार्य योजना-
जिले में जल अभिषेक अभियान अंतर्गत कार्य योजना के तहत ग्राम पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन एवं लिए जाने वाले कार्य तालाब, चेकडेम, स्टापडेम, कंटूरट्रेंच, रूफवाटर हार्वेस्टिंग, सोख्तागड्डा कार्यों का प्रस्ताव प्राप्त करना एवं उनका अनुमोदन करना, स्थानीय नागरिकों एवं ग्राम पंचायत प्रधान की अध्यक्षता में जल संग्रहण एवं जल संवर्धन के कार्यों की आवश्यकता से परिचित कराने के लिए जल यात्रा का आयोजन, ग्राम सभा से अनुमोदित कार्य योजना के आधार पर संबंधित विभागों से कार्यों की ड्राईंग, डिजाइन एवं प्राक्कलन 07 अप्रैल 2022 तक तैयार करना, चयनित समस्त कार्यो की स्वीकृतियां 9 अप्रैल 2022 तक जारी करना, 10 अप्रैल 2022 तक समस्त स्वीकृत कार्यों को प्रारंभ करना, 22 जून 2022 एवं मार्च 2023 तक कार्यों को पूर्ण कराना कार्य शामिल है।
पुष्कर धरोहर समद्धि अभियान के तहत पुरानी जल संरचनाओं के मरम्मत के स्वीकृत कार्य-
जल अभिषेक, पुष्कर धरोहर अभियान अंतर्गत जिले में कुल 612 कार्यों का चिन्हांकन किया गया है, जिसमें से 364 तालाब, 139 चेक डेम एवं 109 स्टॉप डेम, जीर्णोद्वार, मरम्मत के लिए स्वीकृत किए गए हैं। सिंचाई कार्य के लिए 242 तालाब, मत्स्य पालन के लिए 88 एवं सिंघाड़ा उत्पादन के लिए 34 तालाबों के कार्य लिए गए हैं। चेक डेम अंतर्गत 138 कार्य सिंचाई एवं 01 कार्य मत्स्य पालन के लिए लिया गया है। स्टॉप डेम अंतर्गत 107 कार्य सिंचाई एवं 2 कार्य मत्स्य पालन के लिए लिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button