
सीहोर। सत्य के रक्षक, शस्त्र व शास्त्र के ज्ञाता, महा पराक्रमी योद्धा, भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाया गया। मंगलवार को शहर के खजांची लाइन स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में सैकड़ों की संख्या में विप्रजन की उपस्थित में भगवान परशुराम की झांकी सजाई गई थी और इस मौके पर सुबह साढ़े नौ बजे भगवान की पूजन और महा आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष बालमुकुन्द पालीवाल, महिला संठगन की अध्यक्ष नीलम शर्मा, ग्रामीण इकाई अध्यक्ष सुभाष शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष सुदीप व्यास, चल समारोह समिति के अध्यक्ष प्रवीण तिवारी, चल समारोह की महिला अध्यक्ष निर्मला शर्मा, युवा अध्यक्ष चल समारोह नितिन उपाध्याय और चल समारोह प्रभारी रमाकांत समाधिया आदि पदाधिकारियों की मौजूदगी में आस्था और उत्साह के साथ पर्व मनाया गया।
इस संबंध में समाज के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को विप्रजन ने घर-घर में भगवान के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर पूजन अर्चना की थी, इसके अलावा धर्मशाला में भी भव्य आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि अब आगामी दिनों में महोत्सव के अंतर्गत सात मई को महिला मंडल के द्वारा कलश, पूजन थाली सजावट प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात आठ मई को शाम पांच बजे से धर्मशाला से भगवान परशुराम का भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। इसके उपरांत भंडारे का आयोजन रात्रि सात बजे से किया जाएगा।
चल समारोह में महिला पीली साड़ी और विप्रजन पहनेंगे कुर्ता-पजामा-
श्री दीक्षित ने बताया कि चल समारोह में शामिल होने वाले संत-पुजारी अपने गणवेश में जुलूस के साथ रहेंगे, वहीं विप्रजन कुर्ता-पजामा आदि पहनकर रहेंगे। इसके अलावा ब्राह्मण महिला मंडल के द्वारा भी घर-घर जाकर मातृशक्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। मंगलवार को शहर के खजांची लाइन स्थित सर्व ब्राह्मण समाज की धर्मशाला में सैकड़ों की संख्या में धर्मप्रेमी शामिल थे। इस मौके पर विप्रजनों ने कहा कि भगवान परशुराम जी को बल, पराक्रम, साहस, वीरता एवं भगवान शंकर की भक्ति के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। भगवान परशुराम युवाओं के आदर्श हैं। हमें उनके जीवन से संदेश लेते हुए सीख लेनी चाहिए। भगवान परशुराम जी के जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डाला एवं सभी को जन्मोत्सव एवं अक्षय तृतीया की बधाई दी।
रेहटी में भी मनाई गई भगवान परशुराम जयंती-
इधर रेहटी में भी विप्र बंधुओं ने अक्षय तृतीया एवं भगवान श्री परशुराम जी की जयंती बड़े धूमधाम से मनाई। परशुराम जयंती के अवसर पर रेहटी नगर में ब्राम्हण समाज धर्मशाला का उद्घाटन समारोह भी रखा गया था। इस दौरान सुबह पूजा-पाठ एवं हवन हुआ। इस अवसर पर समाजिक बंधुओं द्वारा सुंदरकांड का भी आयोजन किया। यहां बता दें कि रेहटी में सर्व ब्राह्मण समाज की धर्मशाला का कार्य चल रहा है। धर्मशाला के लिए जगह रेहटी के वरिष्ठ समाजसेवी केके पालीवाल द्वारा दी गई है। धर्मशाला के निर्माण में भी क्षेत्र के विप्र बंधुओं द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। परशुराम जयंती के अवसर पर बड़ी संख्या में नगर के विप्र बंधुओं सहित महिलाएं भी उपस्थित रहीं। इस दौरान भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण किया गया एवं उनकी आरती भी की गई।