Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

भू.अर्जन में देरी पर कलेक्टर सख्त, लापरवाह अधिकारियों को लगाई फटकार

सीहोर। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने सख्त रुख अपनाते हुए विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। विशेष रूप से नेशनल हाईवे और रेलवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए किए जा रहे भू.अर्जन में देरी पर उन्होंने संबंधित एसडीओ के प्रति नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी इन योजनाओं में मुआवजे के भुगतान और कब्जे की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूरा करें ताकि बजट लैप्स न हो। बजट उपयोग की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय होगी।
राशन वितरण और किसान भुगतान
बैठक में कलेक्टर ने खाद्य विभाग को निर्देश दिए कि उचित मूल्य की दुकानों पर वेयरहाउस से राशन तौलकर ही भेजा जाए। उन्होंने सेल्समैनों को भी ताकीद की कि वे सामग्री तौलकर ही प्राप्त करें ताकि जनता को पूरा राशन मिले। साथ हीए भावांतर भुगतान योजना के तहत सोयाबीन विक्रेताओं और पात्र किसानों के लंबित भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए।
अन्य प्रमुख निर्देश
गेहूं पंजीयन: 7 फरवरी से 7 मार्च तक होने वाले गेहूं उपार्जन पंजीयन के लिए केंद्रों पर पर्याप्त स्टाफ और तकनीकी संसाधन जुटाने के निर्देश दिए गए।
वन ग्रामों का संपरिवर्तन: वन एवं राजस्व विभाग को समन्वय बनाकर वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
संकल्प से समाधान: 16 फरवरी से क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण होगा।
कुबेरेश्वर धाम के लिए चाक-चौबंद तैयारी
कुबेरेश्वर धाम में आगामी रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने अमलाहा हाईवे से अतिक्रमण हटाने, दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग को रोकने और खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने के आदेश दिए। व्यवस्थाओं को परखने के लिए आयोजन से दो दिन पहले मॉक ड्रिल भी की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर वंदना राजपूत सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button