राजस्व मंत्री के गृह ग्राम जमुनिया हटेसिंह में आग का तांडव, 20 ट्रॉली भूसा और कृषि उपकरण जलकर खाक

सीहोर। मध्य प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के गृह ग्राम जमुनिया हटेसिंह में बीती रात भीषण आग लगने से हडक़ंप मच गया। आग की चपेट में आने से करीब 20 ट्रॉली भूसा, पशु, कृषि उपकरण और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के अनुसार इस भयंकर अग्निकांड में लगभग 15 से 20 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक आग सबसे पहले गांव के निवासी भोजराज के बाड़े में लगी। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि इसने आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में भोजराज के साथ-साथ दिलीप और महेश के यहां रखा सामान भी जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने और सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला।
मवेशी भी हुए प्रभावित, चारे का संकट
इस भीषण हादसे में एक गाय और एक भैंस भी प्रभावित हुई हैं। आग के कारण बड़ी मात्रा में पशुओं का चारा जल जाने से अब प्रभावित परिवारों के सामने मवेशियों के चारे और भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
दमकल ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही सीहोर से दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। बता दें यह गांव प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का गृह ग्राम है, जो इछावर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।



