Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

रुद्राक्ष महोत्सव: भारी वाहनों के लिए 9 दिन रहेगा रूट डायवर्जन

सीहोर। जिला स्थित कुबेरेश्वर धाम में आगामी 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले भव्य रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का फुलप्रूफ प्लान तैयार किया है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित उच्च स्तरीय समन्वय बैठक में भोपाल, देवास और रेलवे के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को अंतिम रूप दिया गया।
रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान हाईवे पर दबाव कम करने के लिए यातायात डायवर्जन प्लान 12 फरवरी की सुबह 6 बजे से 21 फरवरी की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।

भारी वाहनों के लिए मार्ग: भोपाल की ओर से आने वाले भारी वाहन मुबारकपुर जोड़ और तुमड़ा जोड़ से होकर श्यामपुर, ब्यावरा और शाजापुर होते हुए देवास-इंदौर जा सकेंगे। इसी तरह इंदौर-देवास से आने वाले भारी वाहनों को मक्सी, शाजापुर और ब्यावरा के रास्ते भोपाल भेजा जाएगा।
छोटे व सवारी वाहनों के लिए मार्ग: भोपाल से इंदौर जाने वाले छोटे वाहन सीहोर के न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी और अमलाहा होते हुए आष्टा की ओर निकलेंगे। यही व्यवस्था इंदौर से भोपाल आने वाले वाहनों के लिए भी रहेगी।
श्रद्धालुओं के लिए सीधी राह: जो वाहन सीधे कुबेरेश्वर धाम कथा स्थल पर जाना चाहते हैं, उन्हें किसी डायवर्जन का सामना नहीं करना पड़ेगा। वे हाईवे से सीधे धाम पहुंचकर निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।
रेलवे स्टेशन पर बनेंगे होल्डिंग एरिया
बैठक में आईजी संजय तिवारी और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने रेलवे और आरपीएफ अधिकारियों के साथ समन्वय किया। ट्रेनों से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जहां पानी, शौचालय और रोशनी के पुख्ता इंतजाम होंगे। ट्रेनों की आवाजाही की निरंतर घोषणा की जाएगी और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी।
कुबेरेश्वर धाम में चाक चौबंद व्यवस्थाएं
बैठक के बाद अधिकारियों ने कुबेरेश्वर धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। विठलेश सेवा समिति के पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिसमें भोजनशाला और अस्पताल में सुरक्षा के कड़े मानक अपनाए जाएं। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष कॉरिडोर और वॉच टावर तैयार किए जाएं। पूरे परिसर में एलईडी स्क्रीन और सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जाए। आपात स्थिति के लिए डायवर्जन पॉइंट पर क्रेन और मैकेनिक की तैनाती रहेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
समन्वय बैठक में डीआईजी राजेश सिंह चंदेल, एएसपी सुनीता रावत सीहोर, एएसपी नीरज चौरसिया भोपाल देहात, एडीसीपी बसंत कुमार यातायात भोपाल सहित देवास और रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ड्यूटी पर तैनात बल के लिए रहने और भोजन की उत्तम व्यवस्था की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button