Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा के बाद ‘हनुमानजी’ का विशाल भंडारा 22 को

सीहोर। मां नर्मदा के अनन्य भक्त, सेवक और कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा ‘हनुमानजी’ द्वारा मां नर्मदा की कठिन पैदल परिक्रमा सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपलक्ष्य में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। विक्रम मस्ताल ने यह परिक्रमा रिकॉर्ड 90 दिनों में पूरी की है। इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन उनके निज निवास सलकनपुर-इटारसी में 22 मार्च को सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें देश और प्रदेश की कई दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी।
इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुधनी विधानसभा के इतिहास में संभवत: यह पहली बार होगा जब किसी कार्यक्रम के लिए एक साथ दो हेलीकॉप्टर उतरेंगे। आयोजन स्थल पर दो हेलीपैड तैयार किए जा चुके हैं, जबकि तीसरे के लिए अनुमति की प्रक्रिया जारी है। पूर्व सांसद नकुलनाथ और अन्य शीर्ष कांग्रेस नेता इन्हीं हेलीकॉप्टरों के जरिए कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। दिल्ली और भोपाल से भी कई बड़े नेताओं के आगमन की तैयारी है।
‘हनुमान’ ने ‘शिव’ को दिया आमंत्रण
राजनीतिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए विक्रम मस्ताल हनुमानजी ने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी उनके निवास पहुंचकर भंडारे का न्योता दिया है। चूंकि 22 मार्च को केंद्रीय मंत्री का बुधनी क्षेत्र में ही कार्यक्रम है, ऐसे में उनके इटारसी आने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। इसके अतिरिक्त विधायक रमाकांत भार्गव और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।
दिग्गज नेताओं का लगेगा जमावड़ा
भंडारे में कांग्रेस के कई शीर्ष नेता शामिल होंगे जिनमें मुख्य रूप से नकुलनाथ पूर्व सांसद, जीतू पटवारी पीसीसी चीफ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह, लखन घनघोरिया, अरुण यादव, पीसी शर्मा इनके अलावा अन्य विधायक, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, शोभा ओझा और बड़ी संख्या में साधु संत शामिल होंगे।
प्रशासनिक अमला अलर्ट पर
नेताओं के तय कार्यक्रमों और हेलीकॉप्टरों के आवागमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। एसडीएम, एसडीओपी और स्थानीय थाना प्रभारियों ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया है। नर्मदा भक्त विक्रम मस्ताल शर्मा ने सभी क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर मां नर्मदा का प्रसाद ग्रहण करें और इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button