Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

‘हनुमानजी’ के भव्य भंडारे में दिखा राजनीति का अनूठा संगम…

सीहोर। मां नर्मदा और मां विजयासन देवी के अनन्य भक्त, प्रसिद्ध अभिनेता व कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा (हनुमानजी) द्वारा अपनी 90 दिवसीय नर्मदा पदयात्रा पूर्ण होने पर इटारसी स्थित निवास पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में राजनीति, धर्म और समाज सेवा से जुड़ी बड़ी हस्तियों सहित हजारों क्षेत्रवासियों ने शिरकत की।
इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व सांसद नकुलनाथ और एआईसीसी सचिव सत्यनारायण पटेल विशेष रूप से हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। क्षेत्र में संभवत: पहली बार किसी निजी आयोजन में दो हेलीकॉप्टर एक साथ उतरे, जो चर्चा का विषय रहा।
सत्ता और विपक्ष का अनूठा संगम
भंडारे में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव का नजारा दिखा। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सचिन यादव, सुखदेव पांसे और शैलेंद्र पटेल जैसे दिग्गज कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता गुरुप्रसाद शर्मा, मारुति शिशिर, नीरज मालवीय और राजेश राजपूत भी पहुंचे। इनके अलावा हर्ष यादव, दिनेश गुर्जर, देवेंद्र पटेल गडरवास, संजू शर्मा, आरके दोगने, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, रीना बोरासी महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय पटेल हवेली आदि ने नर्मदा भक्त विक्रम मस्ताल को पुष्पमाला पहनाकर और शॉल श्रीफल भेंट कर यात्रा की सफलता पर बधाई दी।

विजयासन धाम में मत्था टेका
भंडारे की प्रसादी ग्रहण करने के बाद नकुलनाथ, जीतू पटवारी और अन्य नेताओं ने सलकनपुर स्थित मां विजयासन के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। नकुलनाथ ने इस अवसर पर कहा कि मां नर्मदा की परिक्रमा का सौभाग्य विरले ही लोगों को मिलता है। जीतू पटवारी ने अपनी धर्मपत्नी के साथ प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
90 दिनों की कठिन पदयात्रा का समापन
बता दें विक्रम मस्ताल शर्मा ने अपनी नर्मदा पदयात्रा ओंकारेश्वर से शुरू की थी, जिसे उन्होंने 90 दिनों के कठिन परिश्रम के बाद पूर्ण किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मां नर्मदा के विधि-विधान से पूजन, मंत्रोच्चार और भव्य आरती के साथ हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button