Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

स्टेट बैंक में एसी के कंप्रेसर में लगी आग…

सीहोर। शहर के इंग्लिशपुरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में शुक्रवार को उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब बैंक में लगे एक एयर कंडीशनर से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते एसी के कंप्रेसर ने आग पकड़ ली। हालांकि बैंक स्टाफ की मुस्तैदी की वजह से एक बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बता दें यह घटना उस समय हुई जब बैंक में सामान्य दिनों की तरह कामकाज चल रहा था और बड़ी संख्या में ग्राहक मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक एक एसी से घना धुआं निकलने लगा, जिसे देख ग्राहक और कर्मचारी घबरा गए। धुएं के तुरंत बाद मशीन से आग की लपटें उठने लगीं। बैंक कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए सबसे पहले मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे आग अन्य मशीनों या फर्नीचर तक नहीं फैल सकी।
भीषण गर्मी और ओवरहीटिंग बनी वजह
शहर में इन दिनों सूरज के तेवर तीखे बने हुए हैं। आज शुक्रवार को भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के कारण बैंक के एसी कई दिनों से लगातार घंटों तक चल रहे थे। मशीनों पर अत्यधिक दबाव और ओवरहीटिंग के कारण कंप्रेसर का तापमान बढ़ गया, जिससे उसमें आग लग गई।
टला बड़ा नुकसान
गनीमत रही कि आग लगने के तुरंत बाद ही उस पर काबू पा लिया गया। यदि आग फैलती तो बैंक में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजए कंप्यूटर सिस्टम और अन्य संपत्तियों को भारी नुकसान हो सकता था। बैंक स्टाफ की सतर्कता ने न केवल सरकारी संपत्ति को बचाया, बल्कि वहां मौजूद ग्राहकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की। घटना के कुछ देर बाद स्थिति सामान्य होने पर बैंक का कामकाज पुन: सुचारू रूप से शुरू किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button