Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

आधी रात इंदौर-भोपाल हाईवे पर मची चीख-पुकार…

सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक भीषण बस हादसा होते-होते टल गया। ग्राम खड़ी जोड़ के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार करीब 40 यात्री अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही जावर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने रेेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर की ओर से आ रही ओम साईं बस रात करीब 12.30 बजे अचानक अनियंत्रित हो गई और खड़ी जोड़ के पास जा टकराई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और एएसपी सुनीता रावत के निर्देश पर एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता और जावर थाना प्रभारी हेमंत पांडेय की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

सुरक्षित निकाले गए 40 यात्री
हादसे वाली जगह पर अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू में चुनौती आ रही थी, लेकिन जावर पुलिस ने स्थानीय निवासियों की मदद से बिना वक्त गंवाए बस में फंसे यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बस में फंसी महिलाओं, बच्चों और पुरुषों समेत सभी 40 यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। बस चालक को मामूली चोटें आई थीं, जिसे तुरंत सिविल अस्पताल आष्टा भेजा गया।
गंतव्य की ओर किया रवाना
हादसे के बाद सहमे हुए यात्रियों के लिए पुलिस ने फौरन अन्य बसों और वाहनों का इंतजाम किया। सभी यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना करने के बाद ही पुलिस टीम ने राहत की सांस ली। यात्रियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता और थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संतोष सिंह विश्वकर्मा, सैनिक लाखन, राहुल परमार, डायल-112 से आरक्षक सुभाष डावर, सैनिक ओमप्रकाश, हाईवे पेट्रोलिंग से सैनिक रमेश, यशवंत, बहादुर सिंह, बल बहादुर, आरक्षक राहुल और वायरलेस ड्यूटी पर तैनात गोपाल की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button