Newsआष्टाइछावरजावरबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

केंद्रीय विद्यालय का दबदबा, 10वीं का रिजल्ट रहा शत-प्रतिशत, 18 छात्रों ने गाड़े सफलता के झंडे

सीहोर। सीबीएसई 10वीं बोर्ड के नतीजों में सीहोर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। स्कूल का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा है, यानी परीक्षा में शामिल सभी 64 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस उपलब्धि पर कलेक्टर बालागुरु के. ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी है।
स्कूल की छात्रा अनुष्का माहारे ने 96.6 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं निराकुल जैन 96 प्रतिशत के साथ दूसरे और मयंक करमोदिया 95.4 प्रतिशत अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इनके अलावा वरुण मिश्रा 95.2 प्रतिशत, आशी राठौर 94.6 प्रतिशत और हार्दिक विश्वकर्मा 94.6 प्रतिशत ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
सामाजिक विज्ञान में रचा इतिहास
इस बार के परिणामों में सबसे खास बात यह रही कि स्कूल के दो विद्यार्थियों अनुष्का माहारे और प्रियांशु ने सामाजिक विज्ञान जैसे विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर शत-प्रतिशत स्कोर किया है।
18 विद्यार्थियों के 90 प्रतिशत से अधिक अंक
प्राचार्य पूजा श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय का प्रदर्शन इस वर्ष बेहद उत्कृष्ट रहा है। कुल 64 विद्यार्थियों में से 18 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
कलेक्टर ने थपथपाई पीठ
विद्यालय की इस उल्लेखनीय सफलता पर कलेक्टर बालागुरु के. ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन से यह परिणाम संभव हो पाया है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। प्राचार्य और स्टाफ ने भी मिठाई बांटकर विद्यार्थियों की सफलता का जश्न मनाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button