Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

नारी शक्ति वंदन बिल के विरोध पर भडक़ी भाजपा, कांग्रेस का पुतला फूंका

सीहोर। नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान के नारों के साथ शुक्रवार को शहर की सडक़ों पर भाजपा महिला मोर्चा का भारी आक्रोश देखने को मिला। लोकसभा में 131वां संविधान संशोधन विधेयक गिरने के बाद भाजपा ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
पुतला दहन से पूर्व जिला भाजपा कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने संसद में इस बिल को गिराकर यह साबित कर दिया है कि वे महिला सशक्तिकरण के विरोधी हैं।
नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में उतरीं महिलाएं
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारत की करोड़ों महिलाओं के सम्मान और अधिकार का विषय है। रीतू जैन, अलका चौहान और सविता राठौर सहित अन्य महिला नेताओं ने स्पष्ट किया कि विपक्ष द्वारा इस बिल में अड़ंगा लगाना महिलाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि आने वाले चुनावों में देश की आधी आबादी इन दलों को करारा जवाब देगी।
भारी संख्या में उमड़े कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान और कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद के नारे गूंजते रहे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पंकज गुप्ता, राजेन्द्र राजपूत, अंजली चौरसिया, वंदना, तारा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
चलेगा जनजागरण अभियान
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केवल पुतला दहन तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में भाजपा जिला स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाएगी, जिसके माध्यम से जनता को बताया जाएगा कि किस तरह कांग्रेस ने महिलाओं के आरक्षण के रास्ते में बाधा उत्पन्न की है। महिला मोर्चा ने संकल्प लिया कि वे महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर घर-घर जाकर विपक्षी दलों की हकीकत उजागर करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button