Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कलेक्टर की सख्त चेतावनी, काम में सुधार लाएं वरना….

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. ने शासकीय योजनाओं और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियानों में बरती जा रही ढिलाई पर कड़ा रुख अपना लिया है। सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जनगणना और जल गंगा संवर्धन अभियान में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस कार्य में तत्काल गति लाने के निर्देश दिए। वहीं जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इसे केवल सरकारी औपचारिकता न समझा जाए, बल्कि इसे एक जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और जल संरक्षण के कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
कोई भी छात्र कॉलेज से वंचित न रहे
उच्च शिक्षा को लेकर कलेक्टर ने संवेदनशील रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि जिले का कोई भी 12वीं पास विद्यार्थी कॉलेज में प्रवेश से न छूटे। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि अधिक से अधिक छात्रों का कॉलेजों में पंजीयन सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन पर अल्टीमेटम
बैठक में सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा जैसे राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े इन मामलों में अनावश्यक देरी न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व सेवाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं, इसलिए सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों का संतुष्टिपूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए।
पांडुलिपियों का होगा संरक्षण
जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने के लिए कलेक्टर ने पांडुलिपियों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों और संस्थाओं को जागरूक कर पांडुलिपियों को चिन्हित करें और उन्हें पोर्टल पर अपलोड करवाएं। बैठक में संयुक्त कलेक्टर जमील खान, वंदना राजपूत, रविंद्र परमार, एसडीएम तन्मय वर्मा सहित सभी विभागों के जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button