बढिय़ाखेड़ी में सूने मकान में हुई 16 लाख की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत पूरा मशरूका बरामद

सीहोर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बढिय़ाखेड़ी इलाके में एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी गया शत प्रतिशत मशरूका (माल) बरामद कर लिया गया है। बरामद किए गए सोने-चांदी के जेवरातों और नगदी की कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बढिय़ाखेड़ी वार्ड क्रमांक 1 के निवासी फरियादी कार्तिक राय 40 वर्ष पिता महेश राय बीते 16 मई को अपने परिवार के साथ एक तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने हटा दमोह गए हुए थे। जब वे 19 मई की रात को वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर ने सूने मकान का फायदा उठाकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के भारी मात्रा में जेवरात और 50 हजार रुपये नगदी पार कर दिए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
24 घंटे में दबोचा गया आरोपी
चोरी की इतनी बड़ी वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने पारंपरिक पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन तालमेल बिठाते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी डाटा का विश्लेषण किया। साथ ही स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर बढिय़ाखेड़ी में ही रह रहे 22 वर्षीय आरोपी अंकित दीक्षित मूल निवासी बिस्तरिया पूरा जैन मंदिर रोड आष्टा को धरदबोचा।
बताया वारदात का तरीका
आरोपी अंकित दीक्षित ने पहले सूने मकान की रेकी की थी। जब उसे पक्का भरोसा हो गया कि परिवार बाहर गया हुआ है, तब उसने रात के अंधेरे में ताला तोडक़र चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

16 लाख रुपये का माल बरामद
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शत प्रतिशत चोरी गया माल बरामद कर लिया है, जिसमें 01 नग सोने का हार और 01 नग सोने का मंगलसूत्र, 02 नग सोने के टॉप्स और 01 नग सोने का टीका, 01 नग सोने की अंगूठी और 01 नग सोने की चैन, 04 नग सोने के कंगन और 04 नग चांदी की पायल, इसके साथ ही 9500 की नगदी भी विधिवत जब्त की गई है।
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
महज 24 घंटे के भीतर इस अंधी चोरी का खुलासा करने में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव, सहायक उपनिरीक्षक नवतेश राजपूत, आरक्षक विवेक दांगी, आरक्षक वीरेंद्र परमार, आरक्षक चेतन चौहान और सैनिक कमलेश परोचे की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही। एसपी ने पूरी टीम के इस त्वरित कार्य की सराहना की है।



