Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

जिले में उत्साह के साथ मनाया गया ईद.उल.अजहा का त्योहार, दुआओ के लिए उठे हजारों हाथ

सीहोर। भाईचारे का प्रतीक ईद-उल-अजहा का त्योहार गुरुवार को जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में उत्साह, अकीदत और पारंपरिक सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह से ही त्योहार को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह देखा गया, जिसकी रौनक मस्जिदों और ईदगाहों में साफ नजर आई। ईदगाह पर सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी।
जिला मुख्यालय पर स्थित मुख्य ईदगाह में सुबह तय समय पर विशेष नमाज अदा की गई, जहां हजारों अकीदतमंदों ने एक साथ खुदा की बारगाह में सजदा किया। नमाज के समापन के बाद देश, प्रदेश और सीहोर जिले में सुख, समृद्धि, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। नमाज मुकम्मल होने के बाद हर तरफ मुबारकबाद का सिलसिला शुरू हो गया और लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की शुभकामनाएं दीं।
बढ़ाया सांप्रदायिक सौहार्द का मान
सीहोर में हमेशा से रहे आपसी प्रेम के माहौल को बरकरार रखते हुए शहर के जनप्रतिनिधि ईदगाह पहुंचे। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय, जिला कांगे्रस अध्यक्ष राजीव गुजराती, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव, आजम लाला और नवाब मुन्नवर खान सहित कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य नागरिक शामिल थे। इन सभी नेताओं ने ईदगाह परिसर में मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की दिली मुबारकबाद दी।
कस्बों और ग्रामीण अंचलों में भी रही धूम
ईद का यह उल्लास केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे जिले में त्योहार की व्यापक धूम देखी गई। जिले के प्रमुख कस्बों और क्षेत्रों रेहटी, भैरुंदा, बुधनी, इछावर, आष्टा, श्यामपुर, लाडक़ुई और शाहगंज आदि जगहों पर भी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज के विशेष इंतजाम किए गए थे। सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की और शांतिपूर्ण ढंग से गले मिलकर त्योहार की खुशियां बांटीं। प्रशासन द्वारा भी सभी जगह सुरक्षा और चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी।
जरूरतमंदों को खुशियों में शामिल करना ही सच्चा पैगाम
इस मौके पर सीहोर के शहर काजी ने समाज को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईद.उल.अजहा का यह पावन पर्व समाज में अमन, भाईचारे, आपसी सौहार्द और दुआओं का पैगाम लेकर आता है। त्योहार की असली खुशी तभी है जब हम अपने साथ-साथ समाज के गरीब और जरूरतमंद तबके को भी इसमें शामिल करें। कोई भी व्यक्ति आज के दिन खुशियों से महरुम न रहे, इसके लिए सक्षम लोगों को आगे आकर उनकी हर संभव मदद करनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button