Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बैंक ऋण वसूली की समय सीमा बढ़े और तत्काल बदले जाएं जले ट्रांसफार्मर: किसान महासंघ

सीहोर। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ का स्थापना दिवस गुरुवार को कृषि उपज मंडी परिसर स्थित गल्लामंडी सभागार में उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर जिले भर से आए किसान प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और वर्तमान में किसानों के सामने आ रही गंभीर समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों के हक के लिए आगामी दिनों में किए जाने वाले चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा और रणनीति भी तैयार की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महासंघ के प्रदेश मंत्री विक्रम सिंह पटेल और जिलाध्यक्ष कचरू परमार ने किया। इस मौके पर पदाधिकारियों ने भगवान हलधर बलराम जी और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन किया। जिलामंत्री धर्म सिंह ने उपस्थित किसानों को राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के गौरवशाली इतिहास और अब तक के संघर्षों से अवगत कराया।
बैंकों की ऋण वसूली की समय सीमा बढ़ाने की मांग
मंडी सभागार में आयोजित इस बैठक में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण आर्थिक मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए गए। महासंघ ने पुरजोर मांग की है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बैंकों द्वारा की जा रही कृषि ऋण वसूली की समय सीमा को आगे बढ़ाया जाए। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज वितरण की गति को तेज किया जाए, ताकि किसानों को समय पर वित्तीय राहत मिल सके। इसके अलावा किसान दुर्घटना बीमा की राशि को 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 20 लाख रुपए करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
बिजली कटौती बंद हो, जले ट्रांसफार्मर तत्काल बदले जाएं
ग्रामीण अंचलों में बिजली की लचर व्यवस्था को लेकर किसानों ने आक्रोश व्यक्त किया। महासंघ ने मांग की कि विद्युत विभाग द्वारा अघोषित बिजली कटौती को तुरंत बंद किया जाए। पिछले कुछ समय से आए बढ़े हुए और त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर गलत बिलों को तत्काल निरस्त किया जाए। किसानों ने कहा कि मैदानी इलाकों में कई जगहों पर ट्रांसफार्मर जले पड़े हैं, जिन्हें बिना किसी देरी के तत्काल बदला जाए ताकि फसलों को नुकसान न हो।
10 गुना मुआवजे की मांग
घटिया खाद, बीज और नकली उर्वरक की समस्याओं पर चर्चा करते हुए महासंघ ने कहा कि किसानों को उचित और समर्थन मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए। कृषि अधिकारी कार्यालय से संबंधित लापरवाही के मामलों में पीडि़त किसानों को 10 गुना मुआवजा दिया जाए और दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध जांच कर सख्त मुकदमा दर्ज किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकासखंड सीहोर अध्यक्ष देवकरण सिंह मेवाड़ा, इछावर ब्लॉक अध्यक्ष नारायण सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष राजपाल परमार और जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल परमार, वरिष्ठ सदस्य मदन सिंह पटेल, चंदन सिंह वर्मा, मांगीलाल मेवाड़ा, सुखराज पटेल, लाल सिंह परमार, हिम्मत सिंह मेवाड़ा, कैलाश नारायण वर्मा, लखनलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में महासंघ के पदाधिकारी और जागरूक किसान उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button