सीहोर में मौसम के दोहरे तेवर, आज 60 किमी की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश का अलर्ट, दूसरी तरफ उमस ने छुड़ाए पसीने

सीहोर। जिले भर में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां आसमान में बादलों की आवाजाही और प्री-मानसून की गतिविधियों से राहत की उम्मीद जग रही है, वहीं दूसरी तरफ तीखी धूप और उमस के कारण लोग हलाकान हैं। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को जिले के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत जिले में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक एसएस तौमर के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण जिले में प्री-मानसून एक्टिविटी काफी मजबूत हो गई है। आज जिले के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने का अनुमान है, जिसकी रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पडऩे और बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है।
दोहरे मौसम से जनजीवन प्रभावित
जिले में इन दिनों चल रहे दोहरे मौसम ने लोगों को बीमार करना शुरू कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है। बीते दिन भी सीहोर और आसपास का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे झुलसाने वाली गर्मी का अहसास हुआ। दोपहर के समय उमस इतनी अधिक बढ़ जाती है कि लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। इसके बाद शाम होते-होते अचानक बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम तो बदल जाता है, लेकिन वातावरण की तपन पूरी तरह शांत नहीं हो पा रही है।
3 से 4 दिन की देरी से आएगा मानसून
जिलेवासियों के लिए अच्छी खबर यह है कि मानसून अब ज्यादा दूर नहीं है, हालांकि इस बार इसकी एंट्री में 3 से 4 दिन की देरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों सहित सीहोर जिले में मानसून 17 से 18 जून के आसपास दस्तक दे सकता है।



