Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

परीक्षा देने सीहोर जा रही छात्रा को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, हालत नाजुक, भोपाल रेफर

सीहोर। जिला मुख्यालय के शासकीय एक्सीलेंस स्कूल में परीक्षा देने आ रही एक छात्रा शनिवार सुबह एक भीषण सडक़ हादसे का शिकार हो गई। मोगराराम जोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने छात्रा की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में छात्रा और बाइक चला रहा युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। छात्रा की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार छात्रा शनिवार सुबह एक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने के लिए सीहोर आ रही थी। जैसे ही उनकी बाइक मोगराराम जोड़ के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सहित सडक़ पर काफी दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर
डॉक्टरों के मुताबिक हादसे में छात्रा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन स्थिति में सुधार न होने और हालत लगातार नाजुक बने रहने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रपुर कर दिया गया। वहीं घायल युवक का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
मोबाइल लॉक होने से परिजन को ढूंढने में आई दिक्कत
घटना के बाद घायलों की पहचान और उनके परिजनों को सूचित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। छात्रा के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, लेकिन उस पर स्क्रीन लॉक पासवर्ड लगा होने के कारण पुलिस उसके परिजनों के नंबर नहीं निकाल पा रही है।
युवक के हाथ पर लिखा है गणेश
पुलिस को छात्रा के पास से एक परीक्षा का एडमिट कार्ड मिला है। इस एडमिट कार्ड पर दर्ज जानकारी के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि छात्रा नसरुल्लागंज क्षेत्र की रहने वाली हो सकती है। वहीं बाइक चला रहे युवक की भी पूरी पहचान अभी नहीं हो पाई है, हालांकि उसके हाथ पर गणेश नाम गुदा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button