Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सुरक्षित नहीं डॉक्टर और नर्स, जिले के सरकारी अस्पतालों में हर कभी गाली-गलौज और मारपीट, भय का माहौल

सीहोर। जिले के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ आए दिन होने वाली गाली.गलौज और मारपीट की घटनाओं ने स्वास्थ्य विभाग में डर का माहौल पैदा कर दिया है। तीन दिन पहले आष्टा के सिविल अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर के साथ हुई बेरहमी से मारपीट की घटना ने एक बार फिर अस्पताल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। डॉक्टरों और स्टाफ का कहना है कि वे चौबीसों घंटे मरीजों की सेवा के लिए तैनात रहते हैं, लेकिन मामूली विवाद या इलाज में थोड़ी भी देरी होने पर लोग उन पर हमला कर देते हैं। इससे उनका मनोबल गिर रहा है और काम करना मुश्किल हो गया है।
आष्टा सिविल अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. भूरेलाल परमार के साथ हुई मारपीट की इस घटना पर अब सरकारी डॉक्टरों के साथ-साथ प्राइवेट डॉक्टर एसोसिएशन ने भी कड़ा आक्रोश जताया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अतुल उपाध्याय, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हीरा दलोदिया, डॉ. शोएब नागौरी समेत अन्य डॉक्टरों ने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की और अस्पतालों में सुरक्षा नहीं बढ़ाई तो भविष्य में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो सकती हैं।
जिला अस्पताल, रेहटी और भैरुंदा में हुए बड़े हमले
जिले के सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा भगवान भरोसे है। बीते सालों में जिला अस्पताल से लेकर रेहटी और भैरुंदा तक डॉक्टरों और नर्सों पर कई खौफनाक हमले हो चुके हैं….
26 जून 2026 आष्टा: सिविल अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. भूरेलाल परमार के साथ कुछ लोगों और एक महिला ने सिर्फ दवा मांगने की बात पर विवाद किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
9 जून 2026 जिला अस्पताल: जिला अस्पताल के पीआईसीयू वार्ड में भर्ती एक बच्चे के इलाज और रेफर करने की बात को लेकर मरीज के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ के साथ जमकर विवाद और अभद्रता की।
21 सितंबर 2024 रेहटी: रेहटी के शासकीय अस्पताल में नर्स मोहिनी परिहार के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की गई बल्कि उनके साथ मारपीट भी हुई। जब नर्स को बचाने अस्पताल स्टाफ की दूसरी महिला कर्मचारी आगे आई तो हमलावरों ने उसे भी बुरी तरह पीट दिया।
31 मार्च 2023 जिला अस्पताल: जच्चा-बच्चा वार्ड में एक बाहरी व्यक्ति ने नर्सों के साथ जमकर बहस और बदतमीजी की, जिसके बाद नर्सों ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
28 जून 2019 भैरुंदा: भैरुंदा के सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो जाने पर उग्र परिजनों ने डॉक्टर पर जानलेवा हमला कर दिया। नौबत यहां तक आ गई थी कि डॉक्टरों को अपनी जान बचाने के लिए खुद को एक कमरे में बंद करना पड़ा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button