सतकुंडा के जंगल में मिला था महिला मित्र का शव, हत्या के दोषी को आजीवन कारावास
इंदौर में मिले टूटे मोबाइल से खुला राज

सीहोर। एनएच-46 बैतूल-भोपाल रोड पर मिडघाट के पास सतकुंडा के जंगल में महिला का शव मिलने के मामले में सीहोर की विशेष न्यायालय ने आरोपी कृष्णकांत मालवीय निवासी शाहपुर बैतूल को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और 10 हजार 500 रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। 15 जून 2025 को सतकुंडा में ट्रेकिंग के दौरान जंगल से करीब 100 मीटर अंदर शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसमें मृतिका की पहचान अंकिता निवासी पहावाड़ी बैतूल के रूप में हुई थी। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दोष सिद्ध होने के बाद न्यायालय ने यह फैसला सुनाया।
अभियोजन के अनुसार 15 जून 2025 को देवरथ नामक व्यक्ति ने डायल-100 पर सूचना दी थी कि वह अपने तीन मित्रों के साथ एनएच-46 बैतूल-भोपाल रोड पर मिडघाट के पास सतकुंडा में ट्रेकिंग करने गए थे। वहीं से करीब 100 मीटर अंदर जंगल में एक महिला का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर डायल-100 चालक प्रमोद अहिरवार और आरक्षक गोविंद मौके पर पहुंचे। वहां 25 से 30 वर्षीय महिला का शव मिलाए जिस पर गर्दन और पेट पर चोटों के निशान थे। शव करीब 5 से 6 दिन पुराना लग रहा था। इस पर थाना बुदनी में देहाती मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की गई।
धारदार हथियार से किए थे वार
शव के पोस्टमार्टम में सामने आया कि महिला की मौत धारदार हथियार से पेट और गर्दन पर किए गए कई वारों तथा किसी कठोर वस्तु से चेहरा कुचलने के कारण हुई है। मृतिका के कपड़ों, फोटो और घटनास्थल के पास मिली सामग्री के आधार पर पहचान की गई, जिसमें मृतिका की शिनाख्त ग्राम पहावाड़ी, थाना शाहपुर जिला बैतूल निवासी सुरेश पाटिल की पुत्री अंकिता के रूप में हुई। जांच में यह भी पता चला कि अंकिता 11 जून 2025 से बिना बताए घर से चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना शाहपुर जिला बैतूल में दर्ज थी।
हत्या का मामला दर्ज कर शुरू हुई जांच
मौत के हत्यात्मक होने की पुष्टि के बाद थाना बुदनी में अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान यह बात सामने आई कि मृतिका की मित्रता कृष्णकांत उर्फ छोटू से थी और परिजनों ने भी उस पर संदेह जताया था। पुलिस ने आरोपी को बुलाकर पूछताछ की तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया। मृतिका के अनुसूचित जाति वर्ग से होने और आरोपी के गैर-अनुसूचित जाति वर्ग से होने के कारण मामले में एससी/एसटी अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं।
गवाहों के आधार पर सिद्ध हुआ अपराध
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटनास्थल का सत्यापन किया और वारदात में इस्तेमाल पत्थर जब्त किया। आरोपी की जानकारी के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और उसकी सीट के नीचे से एक छुरी बरामद की गई। साथ ही उसकी निशानदेही पर इंदौर से मृतिका के मोबाइल फोन के टुकड़े, घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतिका का बैग जिसमें उसके दस्तावेज थे और आरोपी के कपड़े जब्त किए गए। विवेचना के दौरान मृतिका की मित्र शीतल सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिसके अनुसार आरोपी ने फोन पर घटना को अंजाम देने की बात बताई थी। इसके अलावा घटना से जुड़ी सीडी फुटेज भी एकत्र की गई, जिसमें मृतिका आरोपी के साथ दिखाई दी। जांच पूरी होने के बाद विवेचना अधिकारी ने न्यायालय में अभियोगपत्र पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन द्वारा प्रस्तुत ठोस साक्ष्यों और तर्कों से सहमत होते हुए न्यायालय ने आरोपी कृष्णकांत मालवीय को दोषी ठहराया और आजीवन कारावास, पांच वर्ष के सश्रम कारावास व अर्थदंड की सजा सुनाई है।



