भोपाल में किसानों का हल्लाबोल, बुधनी के किसान भी बड़ी संख्या में शामिल

सीहोर। अपनी मूंग की फसल की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था को समाप्त करने की मांग को लेकर भोपाल में चल रहे किसान आंदोलन में सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र के किसानों का आक्रोश भी साफ दिखाई दे रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस उग्र प्रदर्शन का आज तीसरा दिन है।
आंदोलन के पहले ही दिन नर्मदापुरम के सेठानी घाट से शुरू हुई पदयात्रा जब बुधनी पहुंची थी तो पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को किसानों ने तीखी नोंक-झोंक के बाद तोड़ दिया था और पुलिस बल के रोकने के बावजूद राजधानी भोपाल की ओर कूच कर दिया था।
कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में राजधानी में डटे किसान
बुधनी क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में पहुंचे किसानों का नेतृत्व पूर्व शिक्षा मंत्री राजकुमार पटेल, बुधनी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश राजपूत सोनू कर रहे हैं। इनके साथ ही किसान कांग्रेस अध्यक्ष हरीश मीणा और युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ दुबे समेत बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि और किसान लगातार भोपाल की सडक़ों पर डटे हुए हैं।
किसान नेताओं का कहना है कि इस बार जिले में मूंग की बंपर पैदावार हुई है, लेकिन सरकार शत-प्रतिशत खरीदी से पीछे हट रही है। इसके अलावा खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था भी किसानों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। किसान कृषि मंत्री के इस्तीफे और अपनी तीनों प्रमुख मांगों पर अड़े हुए हैं।
रात भर सडक़ों पर सोए अन्नदाता
मंगलवार की पूरी रात होशंगाबाद रोड पर खुले आसमान के नीचे ठंडी और पथरीली सडक़ पर बिताने के बादए बुधवार सुबह किसानों ने फिर हुंकार भरी और मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए आगे बढ़े। किसानों के इस रुख को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। वीर सावरकर सेतु के पास पुलिस ने बेरिकेड्स की तीन लेयर्स के साथ-साथ बीच सडक़ पर दर्जनों प्राइवेट बसों को आड़ा खड़ा करके एक मजबूत दीवार बना दी है। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ वाटर कैनन की गाडिय़ां तैनात की गई हैं।
वार्ता बेनतीजा, स्कूलों की छुट्टी
मंगलवार देर रात किसान प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच हुई एक घंटे की बैठक बेनतीजा रही। सरकार के एक सप्ताह का समय मांगने के प्रस्ताव को किसान संगठनों ने सिरे से खारिज कर दिया। किसान स्वराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र जाट ने स्पष्ट किया कि जब तक लिखित आदेश जारी नहीं होता, आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। इस प्रदर्शन और नाकाबंदी के कारण भोपाल का नर्मदापुरम रोड पूरी तरह ठप हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। ट्रैफिक डायवर्जन के चलते कटारा हिल्स, एम्स चौराहा और बंसल प्लाजा रोड पर करीब 3 किलोमीटर लंबा भारी जाम लगा हुआ है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



