Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

भगवान श्रीकृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर यादव समाज में आक्रोश, कोतवाली में सौंपा शिकायती आवेदन, एफआईआर की मांग

सीहोर। उत्तर प्रदेश के करेरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते समय श्रीकृष्ण के संबंध में दिए गए कथित आपत्तिजनक और भडक़ाऊ वक्तव्य का मामला तूल पकड़ गया है। इस बयान के विरोध में अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा जिला सीहोर के बैनर तले समाज के लोगों ने भारी रोष व्यक्त करते हुए थाना कोतवाली पहुंचकर एक शिकायती आवेदन सौंपा है।
यादव समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत सख्त कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की पुरजोर मांग की है।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा जिला सीहोर के अध्यक्ष घनश्याम यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन थाना कोतवाली पहुंचे। पुलिस को सौंपे गए शिकायती आवेदन में बताया गया कि करेरा के कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयानों से यादव समाज सहित सनातन धर्म और भगवान श्रीकृष्ण में अटूट आस्था रखने वाले करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं गहरी आहत हुई हैं।
घनश्याम यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण न केवल यादव समाज, बल्कि संपूर्ण देश और विश्वभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के श्रद्धा केंद्र हैं। उनके विरुद्ध इस प्रकार की अपमानजनक अथवा भडक़ाऊ टिप्पणियां समाज में वैमनस्य और धार्मिक-सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न कर सकती हैं, जिसे लेकर समाजजनों में भारी गुस्सा है।
शांतिपूर्ण तरीके से दर्ज कराया विरोध
समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे देश के संविधान और कानून में पूरी आस्था रखते हैं। यही कारण है कि वे किसी भी प्रकार के उपद्रव के बजाय पूरी तरह से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। यादव समाज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल हो रहे वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस मामले की गहराई से जांच की जाए। साथ हीए भविष्य में इस प्रकार की बयानों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाते हुए एफआईआर दर्ज की जाए।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद
इस दौरान थाना परिसर में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से उमेश यादव, गेंदालाल यादव, धर्मेंद्र यादव, गब्बर पहलवान, तारा यादव, गोपाल यादव, रमेश यादव, सूरज यादव, चुन्नीलाल यादव, सुनील यादव, नीरज यादव, लक्ष्मण यादव और विजय यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button