कू्रर पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी के पैर काटे, मां को बचाने आए बेटे पर भी किया हमला

सीहोर। भैरुंदा थाना क्षेत्र के हाथी घाट गांव में एक पति ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी। देर रात घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे महिला के दोनों पैर बुरी तरह कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के वक्त बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे पर भी आरोपी ने हमला किया, जिससे उसे भी चोटें आई हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हाथी घाट गांव निवासी चंपालाल धनवारे और उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई के बीच बुधवार देर रात किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। रात लगभग एक बजे बहस इतनी बढ़ गई कि चंपालाल ने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और लक्ष्मी बाई पर वार कर दिया। चंपालाल ने कुल्हाड़ी से पत्नी के दोनों पैरों पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचा बेटा
महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के बाकी सदस्य और बेटा सुनील मौके पर पहुंचे। जब सुनील ने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी के हमले में उसे भी चोटें आईं। वारदात के बाद चीख-पुकार मचते ही आरोपी चंपालाल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल लक्ष्मी बाई और उनके बेटे सुनील को उपचार के लिए भैरुंदा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों का कहना है कि महिला के पैरों में काफी गहरे घाव हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आरोपी चंपालाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसे जल्द ही पुलिस हिरासत में ले लिया जाएगा।



