Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

अब टिगाली नर्मदा घाट पर दनदना रही थी पनडुब्बी, तीन मशीनें कीं जब्त

सीहोर। नर्मदा नदी में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की पाबंदी को ताक पर रखकर अवैध रेत का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेत माफिया नए-नए घाटों पर अवैध खनन के नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला भैरुंदा तहसील के ग्राम टिगाली स्थित नर्मदा तट का है, जहां नदी के भीतर दनदना रही तीन पनडुब्बी मशीनों के जरिए बेखौफ होकर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। सूचना मिलते ही खनिज विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की और तीनों पनडुब्बी मशीनों को जब्त कर लिया।
बता दें नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने बारिश के मौसम में नर्मदा नदी से रेत निकालने पर पूरी तरह रोक लगा रखी है। नियम के मुताबिक पानी के अंदर मशीनों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद टिगाली के नर्मदा घाट पर रेत माफियाओं ने पानी के भीतर पनडुब्बी मशीनें उतार रखी थीं। इन मशीनों के जरिए नदी की गहराई से रेत खींचकर बाहर निकाली जा रही थी और उसका अवैध परिवहन करने की तैयारी थी।
सूचना पर खनिज विभाग का छापा
खनिज अधिकारी राजकुमार बराठे के नेतृत्व में विभागीय टीम को सूचना मिली थी कि टिगाली क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद भारी मशीनों और पनडुब्बियों के जरिए अवैध उत्खनन धड़ल्ले से चल रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने अचानक नर्मदा तट पर दबिश दी। कार्रवाई से मौके पर हडक़ंप मच गया और माफिया मशीनें छोडक़र फरार हो गए। टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों पनडुब्बियों को अपने कब्जे में ले लिया।
पहले जेसीबी और पोकलैंड, अब पनडुब्बियों पर कार्रवाई
जिले में नर्मदा नदी से अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इससे पहले की गई छापेमारी में खनिज विभाग ने 5 जेसीबी मशीनें, 1 पोकलैंड मशीन और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की थीं। भारी मशीनों पर सख्ती के बाद माफियाओं ने पानी के अंदर पनडुब्बी मशीनों का सहारा लेना शुरू कर दिया था, जिस पर भी अब प्रशासन ने कड़ा प्रहार किया है।
अवैध खनन पर आगे और सख्त होगी कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वर्षा काल के दौरान नर्मदा नदी की जैव विविधता और सुरक्षा को देखते हुए खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। नियमों का उल्लंघन करने वाले रेत माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि नर्मदा के किसी भी घाट पर अवैध उत्खनन या परिवहन करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button