बुधनी अधोसंरचना विकास कार्य में लापरवाही, एमपीयूडीसी की बड़ी कार्रवाई, संविदाकार ब्लैकलिस्ट, 5.40 करोड़ की बैंक गारंटी जब्त

सीहोर। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी ने बुधनी अधोसंरचना विकास परियोजना में निर्माण कार्यों की अत्यंत धीमी गति और लापरवाही को लेकर बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। कंपनी ने संबंधित संविदाकार कंपनी मेसर्स जेएससी आई, इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं मेसर्स काश्यपी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड का अनुबंध निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही फर्म को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट करते हुए उसकी करीब 5 करोड़ 40 लाख रुपये की बैंक गारंटी राजसात कर ली है।
उल्लेखनीय है कि उक्त संयुक्त उपक्रम को बुधनी में टॉय विलेज, रेंटल हाउसिंग, कन्वेंशन सेंटरए स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स और हाट बाजार सहित कई अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का जिम्मा सौंपा गया था। अनुबंध के अनुसार यह काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाना था, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी काम की प्रगति बेहद निराशाजनक रही।
कई नोटिस के बाद भी नहीं सुधरी कार्यशैली
एमपीयूडीसी द्वारा संविदाकार को काम में तेजी लाने, पर्याप्त संसाधन जुटाने और अनुबंध की शर्तों का पालन करने के लिए समय-समय पर कई नोटिस, कारण बताओ पत्र जारी किए गए और समीक्षा बैठकें भी ली गईं। इसके बावजूद निर्माण कार्य में कोई खास प्रगति नहीं हुई। कंपनी द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को भी असंतोषजनक पाया गया, जिसके बाद एमपीयूडीसी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे के निर्देश पर यह कड़ा कदम उठाया गया।
लापरवाही पर बर्दाश्त नहीं होगी ढिलाई
एमपीयूडीसी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं में गुणवत्ताए समयबद्धता और वित्तीय अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक धन की सुरक्षा और आम नागरिकों को समय पर विकास सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



